सोनीपत में हड़ताल खत्म स्वच्छता रैंकिंग सुधरेगी: निखिल मदान
सोनीपत, 15 मई (हि.स.)। सोनीपत
में सफाई कर्मचारियों की प्रदेशव्यापी हड़ताल समाप्त होने के बाद शहर में दोबारा सफाई
कार्य शुरू हो गया है। शुक्रवार को विधायक निखिल मदान कालूपुर चुंगी पहुंचे और सफाई
कर्मचारियों से बातचीत कर कार्यों का जायजा लिया।
विधायक
ने बताया कि कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर एक मई से पूरे प्रदेश में हड़ताल शुरू
की थी।
हड़ताल के कारण शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित हो गई थी और लोगों को काफी परेशानी
झेलनी पड़ी। दो दिन पहले सरकार और कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल के बीच बातचीत हुई,
जिसमें कर्मचारियों की जायज़ मांगें मान ली गईं। इसके बाद हड़ताल समाप्त कर दी गई और
सफाई कार्य दोबारा शुरू हो गया। विधायक ने कहा कि अब नियमित रूप से सफाई व्यवस्था की
निगरानी की जाएगी, ताकि शहर स्वच्छ बना रहे और स्वच्छता रैंकिंग में सुधार हो सके।
उन्होंने बताया कि अवैध कूड़ा डम्पिंग प्वाइंट्स समाप्त करने के लिए निगम अधिकारियों
को मौके पर जरूरी निर्देश दिए गए हैं। सफाई
कर्मचारियों ने पूरे शहर में काम शुरू कर दिया है और प्रमुख सड़कों, गलियों तथा बाजारों
में कूड़ा उठाने का कार्य चल रहा है। इस दौरान मुख्य सफाई निरीक्षक सतेंद्र कुमार सहित
निगम कर्मचारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना