सोनीपत में यूट्यूबर ब्लैकमेलर गिरफ्तार, पांच लाख की मांग

 


सोनीपत, 19 मार्च (हि.स.)। सोशल मीडिया के जरिए ब्लैकमेलिंग का गंभीर मामला सामने आया है। एक यूट्यूबर ने

विवादित वीडियो बनाकर युवक पर मानसिक दबाव बनाया और उससे पांच लाख रुपये की मांग की।

पीड़ित से पहले ही पचास हजार रुपये वसूलने के बावजूद आरोपी लगातार और धन की मांग करता

रहा। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया।

सेक्टर-14

निवासी साहिल कुमार ने थाना सेक्टर-27 में दी शिकायत में बताया कि स्वर्णपत्र नाम से

यूट्यूब चैनल चलाने वाला विशाल वशिष्ठ उसे लगातार धमका रहा था। आरोपी ने एक झगड़े की

सीसीटीवी जैसी वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। इस धमकी के

कारण पीड़ित पर भारी मानसिक दबाव बना रहा। जांच में सामने आया कि 12 मार्च को साहिल

का सुमित नामक व्यक्ति के साथ विवाद हुआ था। उसी दौरान आरोपी ने पूरी घटना की वीडियो

रिकॉर्ड कर ली। बाद में उसी वीडियो को आधार बनाकर उसने ब्लैकमेलिंग शुरू कर दी। आरोपी

ने वीडियो वायरल करने के साथ-साथ सामाजिक छवि खराब करने की भी धमकी दी। डर के

कारण पीड़ित ने आरोपी को पचास हजार रुपये ऑनलाइन भेज दिए, लेकिन इसके बाद भी धमकियां

बंद नहीं हुईं। लगातार बढ़ते दबाव के चलते साहिल ने पुलिस मंे शिकायत दर्ज कराई।

गुरुवार को थाना

प्रभारी सवित कुमार ने बताया कि शिकायत मिलते ही मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। तत्परता

से कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब आरोपी को न्यायालय में

पेश कर रिमांड पर लेगी, ताकि पूरे मामले की गहन पूछताछ की जा सके। पुलिस यह भी जांच

कर रही है कि आरोपी ने इसी तरह अन्य लोगों को भी निशाना बनाया है या नहीं। अधिकारियों

का कहना है कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर ब्लैकमेलिंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई

जारी रहेगी और किसी को बख्शा नहीं जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना