सोनीपत में एसटीएफ ने मुठभेड़ के बाद फिरौती गिरोह दबोचा
सोनीपत, 21 मार्च (हि.स.)। सोनीपत
जिले में शुक्रवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। झज्जर अपहरण प्रकरण से जुड़े
गिरोह का पीछा कर रही एसटीएफ टीम ने गांव मेंहदीपुर के पास बलेरो गाड़ी को
घेर लिया। रुकने के संकेत के बावजूद बदमाशों ने गाड़ी नहीं रोकी और पुलिस पर गोलियां
चलानी शुरू कर दीं। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए मोर्चा संभाला।
मुठभेड़
के दौरान दो कुख्यात आरोपियों के पैर में गोली लगी, जबकि तीन अन्य को मौके से काबू
कर लिया गया। घायल आरोपियों की पहचान चित्रांदन और विन्नी के रूप में हुई है। तीनों
अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का महौल
है। भारी पुलिस बल तैनात कर जांच शुरू कर दी गई।
जानकारी
के अनुसार झज्जर जिले में बीडीएफ कॉलेज संचालक के बेटे का अपहरण कर बदमाशों ने पांच
करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी। इस वारदात के बाद से ही पुलिस और एसटीएफ की टीमें
आरोपियों की तलाश में जुटी थी। सुराग मिलने पर बहादुरगढ़ एसटीएफ ने सोनीपत क्षेत्र
में घेराबंदी की और संदिग्ध गाड़ी को रोकने का प्रयास किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे
से दो पिस्तौल, चार गोलियों के खोल और एक बलेरो गाड़ी बरामद की है।
प्रारंभिक जांच
में सामने आया है कि गिरोह किसी बड़ी वारदात की तैयारी में था। सीसीटीवी फुटेज और अन्य
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है। घायल
आरोपियों को उपचार के लिए सोनीपत के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से बाद
में उन्हें रेफर किया गया। पुलिस सुरक्षा के बीच चिकित्सकों की टीम उनका उपचार कर रही
है। मुरथल थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और अब गिरोह के अन्य सदस्यों
व आपराधिक नेटवर्क की तलाश जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना