सोनीपत: मुठभेड़ के बाद बदमाश गिरफ्तार
सोनीपत, 07 मई (हि.स.)। सोनीपत
जिले के गोहाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस ने गुरुवार को
घेराबंदी कर आरोपी को घायल हालत में पकड़ लिया। गोली उसके पैर में लगी है और उसे उपचार
के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पूरे इलाके में पुलिस अलर्ट पर
रही और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।
पुलिस
के अनुसार पकड़ा गया आरोपी गांव कथुरा निवासी अंकित है। आरोपी पहले भी कई आपराधिक मामलों
में शामिल रहा है। पुलिस उसके पुराने रिकॉर्ड की जांच कर रही है और यह पता लगाने में
जुटी है कि वह किसी बड़ी वारदात की तैयारी में तो नहीं था।
गोहाना
पुलिस को संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी। सूचना के बाद पुलिस टीम जींद रोड पर
खानपुर खुर्द रोड के पास माइनर क्षेत्र में पहुंची। यहां एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया।
पुलिस को देखते ही वह भागने लगा। पुलिस ने उसे रोकने के लिए घेराबंदी की, जिसके बाद
मुठभेड़ की स्थिति बन गई। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल होने
के कारण वह ज्यादा दूर नहीं भाग सका और पुलिस ने उसे मौके पर ही काबू कर लिया।
घायल
आरोपी को अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
मुठभेड़ के बाद आरोपी के कब्जे से एक देसी पिस्टल बरामद हुई है। पुलिस ने हथियार को
कब्जे में लेकर उसकी जांच शुरू कर दी है। घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी गोहाना जितेन्द्र
गहलावत मौके पर पहुंचे हालात को जाना और टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास के क्षेत्र
में साक्ष्य जुटाने का काम जारी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपी हथियार कहां
से लाया और उसके साथ कौन-कौन लोग जुड़े हो सकते हैं। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है
और मामले के अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना