सोनीपत: मानवता को जीवंत करने वाले हैं संत रविदास: महिपाल ढांडा
-संत रविदास जी की 650वीं जयंती के
उपलक्ष्य पर कलश यात्रा
सोनीपत, 23 अगस्त (हि.स.)। सोनीपत
में संत शिरोमणि रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में सोनीपत में भव्य
कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, भाजपा पदाधिकारियों
और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में हरियाणा सरकार में शिक्षा मंत्री महिपाल
ढांडा मुख्य अतिथि कहा कि मानवता को जीवंत करने वाले संत रविदास हैं। पूर्व प्रदेशाध्यक्ष
भाजपा मोहनलाल बड़ौली, खरखौदा विधायक पवन खरखौदा, पूर्व मंत्री कविता जैन और भाजपा
जिलाध्यक्ष अशोक भारद्वाज आदि शामिल रहे।
मुख्य
अतिथि शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने संत रविदास जी को नमन करते हुए कहा कि संत रविदास
जी ने समाज को समानता, भाईचारे और मानवता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि संतों और
महापुरुषों की शिक्षाएं आज भी समाज को सही दिशा दिखाने का काम कर रही हैं। उन्होंने
सभी से संत रविदास जी के विचारों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
पूर्व
प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने कहा कि संत रविदास जी ने सामाजिक भेदभाव और ऊंच-नीच
की भावना के विरुद्ध आवाज उठाकर समाज को एकता का रास्ता दिखाया। खरखौदा विधायक पवन
खरखौदा ने कहा कि संत रविदास का जीवन मेहनत,
भक्ति और समानता की प्रेरणा देता है। पूर्व मंत्री कविता जैन ने कहा कि संत रविदास
की शिक्षाएं समाज को जोड़ने और आपसी भाईचारा मजबूत करने का संदेश देती हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष
अशोक भारद्वाज ने कहा कि महापुरुषों की जयंती केवल आयोजन तक सीमित न रहे, बल्कि उनके
विचारों को जन-जन तक पहुंचाना हमारा परम कर्तव्य है।
कलश
यात्रा में भाजपा जिला महामंत्री नीरज कुमार ठरू, जिला महामंत्री तरुण देवीदास, आजाद
नेहरा, बबीता दहिया, सोनिया मोर सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता और श्रद्धालु
शामिल हुए। यात्रा के दौरान संत रविदास के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना