सोनीपत: बस की टक्कर से घायल महिला की मौत, चालक पर केस दर्ज
सोनीपत, 13 अक्टूबर (हि.स.)। सोनीपत
के खरखौदा क्षेत्र में ड्रेन नंबर-8 के पास चौलका गांव के नजदीक बस की टक्कर से घायल
हुई महिला मेसो देवी की इलाज के दौरान सोमवार को मौत हो गई। हादसा नौ अक्टूबर को हुआ
था। महिला अपने बेटे मनजीत के साथ बाइक पर खरखौदा जा रही थी। पीछे से आई तेज रफ्तार
बस ने बाइक को टक्कर मार दी थी। खरखौदा थाना पुलिस ने बेटे की शिकायत पर बस चालक के
खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद चालक बस लेकर मौके से फरार हो
गया था।
गांव
खांडा निवासी मनजीत ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि नौ अक्टूबर को दोपहर वह अपनी
मां मेसो देवी को बाइक पर बैठाकर किसी काम से खरखौदा जा रहा था। जब वे ड्रेन नंबर-8
के पास चौलका पहुंचे, तो पीछे से तेज रफ्तार में आई बस ने उनकी बाइक को पीछे और साइड
से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से मां-बेटा सड़क पर गिर गए और दोनों को चोटें आईं। मनजीत
के अनुसार, हादसे के बाद बस चालक रुका और उसके पास आया, लेकिन बाद में बस लेकर फरार
हो गया। उसने निजी वाहन की मदद से घायल मां को खरखौदा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र
पहुंचाया। वहां से उन्हें सोनीपत के ट्यूलिप अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज
के दौरान 12 अक्टूबर को मेसो देवी की मौत हो गई।
पुलिस
के अनुसार, हादसे की सूचना नौ अक्टूबर को डायल-112 के माध्यम से मिली थी। पुलिस टीम
खरखौदा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची और मां-बेटे की मेडिकल रिपोर्ट प्राप्त
की। दोनों ने पहले इलाज कराने की बात कही थी। 10 अक्टूबर को पुलिस ने निजी अस्पताल
से चिकित्सकों की रिपोर्ट मांगी, जिसमें दोनों को बयान देने के लिए अनफिट बताया गया।
12 अक्टूबर को महिला की मौत की सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और जरूरी कागजात
प्राप्त किए। मनजीत
ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर बस चालक के खिलाफ कार्रवाई और मां का पोस्टमार्टम कराने
की मांग की। शिकायत और मेडिकल रिकॉर्ड के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस बस चालक की पहचान करने और हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना