सोनीपत: बंद गोदाम से लाखों का इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी

 

सोनीपत, 31 मई (हि.स.)। सोनीपत

के औद्योगिक क्षेत्र कुंडली में एक बंद गोदाम से लाखों रुपये के इलेक्ट्रॉनिक सामान

की चोरी का मामला सामने आया है। चोर गोदाम से कंप्यूटर स्क्रीन, सीपीयू, यूपीएस, एलईडी

टीवी और अन्य उपकरण चोरी कर ले गए। शिकायत के आधार पर कुंडली थाना पुलिस ने मुकदमा

दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घटना

सेक्टर-56, फेज-पांच स्थित प्लॉट नंबर 291 में बने गोदाम की है। एईसीसी कंपनी के प्रशासन

प्रमुख कुलदीप सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कंपनी के कुछ कार्यालय खाली

करने के बाद वहां का सामान इस गोदाम में रखा गया था।

26 मई

2026 को जब वह सामान गुरुग्राम स्थित कार्यालय में ले जाने के लिए गोदाम पहुंचे और

ताला खोला, तब चोरी का पता चला। जांच करने पर पाया गया कि गोदाम से 24 कंप्यूटर स्क्रीन

व सीपीयू, चार यूपीएस, चार 65 इंच के टीवी तथा चार पीसीबी कार्ड गायब हैं। कुलदीप

सिंह ने अपने स्तर पर सामान की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद 30 मई

2026 को कुंडली थाना में शिकायत दी गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर

लिया है। मामला दर्ज होने के बाद जांच अधिकारी पुलिस टीम और शिकायतकर्ता के साथ घटनास्थल

पर पहुंचे। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान के प्रयास

किए जा रहे हैं। मामले की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना