सोनीपत: प्रशासन को शक्तियां याद दिलाने काे हनुमान चालीसा पाठ शुरू

 


सोनीपत, 07 सितंबर (हि.स.)। सोनीपत

शहर की समस्याओं को लेकर प्रशासन को उसकी शक्तियां याद दिलाने के लिए अनोखा प्रदर्शन

शुरू किया गया है। पूर्व सैनिक और हरियाणा पुलिस में विशेष पुलिस अधिकारी रहे पवन कुमार

के नेतृत्व में लोगों ने 21 दिन तक हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ शुरु कर दिया है। सुभाष चौक

पर उपायुक्त नेहा सिंह, पुलिस कमिश्नर ममता सिंह और नगर निगम कमिश्नर हर्षित कुमार

की तस्वीरों वाले बोर्ड लगाए गए हैं। इन पर शहर की अलग-अलग समस्याएं लिखी गई हैं।

पवन

कुमार का कहना है कि तीनों अधिकारियों की तस्वीरें सम्मान के साथ लगाई गई हैं। उनका

मकसद अधिकारियों को उनके विभागों में उपलब्ध प्रशासनिक शक्तियों की याद दिलाना है,

ताकि शहर की समस्याओं का समाधान हो सके। उन्होंने बताया कि पांच सितंबर से शुरू हुआ

पाठ 21 दिन चलेगा। सुबह 10 से 10:15 बजे और शाम 6 से 6:15 बजे तक सामूहिक पाठ किया

जा रहा है। उन्होंने

उपायुक्त के बोर्ड पर सड़क, यातायात और सीवर व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं उठाई हैं।

चौराहों पर लाल बत्ती व्यवस्था दुरुस्त करने, फुटपाथ खाली कराने, अतिक्रमण हटाने और

यातायात व्यवस्था सुधारने की मांग की गई है। पुलिस कमिश्नर के बोर्ड पर नशे और अपराध

पर रोक लगाने तथा मामा-भांजा चौक से बस स्टैंड तक देह व्यापार के खिलाफ कार्रवाई की

मांग रखी गई है। वहीं नगर निगम कमिश्नर के सामने सफाई, कचरा उठाने और फुटपाथों से अतिक्रमण

हटाने की समस्या रखी गईं हैं।

पवन

कुमार ने आरोप लगाया कि रात में सिविल लाइन थाना पुलिस तीनों अधिकारियों की तस्वीर

वाले बोर्ड उतारकर ले गई। उन्होंने बताया कि सिविल लाइन थाना प्रभारी परविंद्र सिंह

और पुलिस उपनिरीक्षक आशु राव से संबंधित इस मामले में वे बोर्ड वापस मांग रहे हैं, नहीं तो थाने में शिकायत देनी पड़ेगी।

उनका कहना है कि आपत्ति थी तो उनसे बातचीत कर बोर्ड हटाने को कहा जा सकता था।

पवन कुमार ने बताया कि वह 2009

में सेना से सेवानिवृत्त हुए थे और करीब 12 वर्ष हरियाणा पुलिस में विशेष पुलिस अधिकारी

के तौर पर सेवा दी। 31 जुलाई को वह इस सेवा से भी सेवानिवृत्त हुए। फिलहाल आशा धाम

संस्था से जुड़े हैं।

नगर

निगम कमिश्नर हर्षित कुमार ने कहा कि प्रदेशभर में सफाई कर्मचारियों का प्रदर्शन चल

रहा है। इसके बावजूद उपलब्ध कर्मचारियों के माध्यम से अतिरिक्त प्रयास कर शहर की सफाई

व्यवस्था बनाए रखने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि सफाई या अन्य समस्या होने

पर नागरिक नगर निगम कार्यालय में लिखित शिकायत दें। शिकायत मिलने पर संबंधित समस्या

पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना