सोनीपत: पुलिस पर पथराव व हाथापाई का आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजा

 

सोनीपत, 27 जुलाई (हि.स.)। थाना

गन्नौर पुलिस ने पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई करने और आपातकालीन प्रतिक्रिया वाहन

(ईआरवी) की गाड़ी पर पथराव करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायालय

में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस

के अनुसार 27 जून 2026 की रात डायल 112 से सूचना मिली कि पीरगढ़ी गांव में एक युवक

अपनी माता के साथ मारपीट कर रहा है। सूचना मिलने पर ईआरवी-657 पर तैनात पुलिस टीम मौके

पर पहुंची और युवक को समझाकर वापस लौटने लगी। इसी दौरान आरोपी ने पुलिस का रास्ता रोक

लिया, गाली-गलौच की और पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई की। बताया गया कि वह नशे की हालत

में था। गांव के कुछ लोगों के पहुंचने पर वह मौके से भाग गया।

पुलिस

टीम जब गांव से कुछ दूरी पर पहुंची तो ईआरवी के आगे और पीछे के शीशों पर पत्थर फेंके

गए, जिससे दोनों शीशे क्षतिग्रस्त हो गए। पुलिस के वाहन से उतरने पर आरोपी ने एक और

पत्थर पुलिसकर्मियों की ओर फेंका, लेकिन वे बाल-बाल बच गए। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने

का प्रयास किया, लेकिन वह अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

इस संबंध

में विभिन्न धाराओं के तहत थाना गन्नौर में मामला दर्ज किया गया। जांच अधिकारी सहायक

उप निरीक्षक सुशील ने पुलिस टीम के साथ कार्रवाई करते हुए आरोपी नरेंद्र निवासी गांव

पीरगढ़ी, जिला सोनीपत को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया,

जहां से न्यायालय के आदेश पर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना