सोनीपत: पुलिस आयुक्त ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी, 15 जवानों के बलिदान को किया याद
सोनीपत, 21 अक्टूबर (हि.स.)। सोनीपत
की पुलिस लाइन में बुधवार को पुलिस शहीदी स्मृति दिवस और पुलिस झंडा दिवस मनाया गया।
पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) सोनाक्षी सिंह ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर देश की
रक्षा और नागरिकों की सुरक्षा करते हुए प्राण न्यौछावर करने वाले पुलिसकर्मियों को
श्रद्धांजलि दी। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने एक-दूसरे की वर्दी पर
पुलिस ध्वज लगाया और दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को याद किया।
सोनाक्षी
सिंह ने बताया कि 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स में चीनी सेना से मुकाबला
करते हुए शहीद हुए 10 पुलिसकर्मियों की याद में यह दिवस मनाया जाता है। यह दिन पुलिस
बल के साहस, कर्तव्यनिष्ठा और बलिदान का प्रतीक है। इस अवसर पर वर्ष 2025-26 में देशभर
में शहीद हुए 154 पुलिसकर्मियों के नाम भी याद किए गए।
उन्होंने
बताया कि सोनीपत जिले के 15 पुलिस अधिकारी और जवान अलग-अलग अभियानों, आतंकियों और अपराधियों
से मुठभेड़ तथा आपात परिस्थितियों में अपनी जान गंवा चुके हैं। इनमें सिपाही ताराचंद
12 अप्रैल 1989 को अंबाला अदालत परिसर में उग्रवादियों से मुठभेड़ में, सिपाही नारायण
सिंह 31 मई 1992 को पटियाला के मतौली में आतंकियों से मुकाबले में और सिपाही अशोक कुमार
6 नवंबर 1999 को सोनीपत में आग लगी दुकान से लोगों को बचाते हुए शहीद हुए थे।
सिपाही
रणबीर 3 जून 2000 को गुरुग्राम में अपराधियों से मुठभेड़ में, सिपाही सुभाष 3 सितंबर
2001 को बहादुरगढ़ अदालत परिसर के पास गोलीबारी में, सिपाही शेर सिंह 30 मार्च
2003 को सोनीपत में नाकाबंदी के दौरान मुठभेड़ में और मुख्य सिपाही राज सिंह 11 जून
2003 को रोहतक अदालत परिसर में गोलीबारी के दौरान शहीद हुए थे।
यूजीसी
रामकिशन और यूजीसी रणधीर सिंह 20 अप्रैल 2005 को कथूरा क्षेत्र में अपराधियों से मुकाबला
करते हुए शहीद हुए। एएसआई प्रदीप कुमार 21 अगस्त 2015 को गोहाना रोड स्थित गढ़ी सराय
नामदारखां में बदमाशों से मुठभेड़ में शहीद हुए। मुख्य सिपाही यशपाल 17 मार्च 2019
को खरखौदा रोड पर अपराधी को पकड़ते समय हादसे का शिकार हुए। सिपाही रविंद्र और एसपीओ
कप्तान 30 जून 2020 को बुटाना में अपराधी के हमले और मुठभेड़ के दौरान शहीद हुए। सिपाही
संदीप कुमार 30 सितंबर 2021 को हरिद्वार में अपराधियों से मुठभेड़ में शहीद हुए। निरीक्षक
जगदीश प्रसाद 7 फरवरी 2026 को सूरजकुंड मेले में ड्यूटी के दौरान हादसे में जान गंवा
बैठे।
कार्यक्रम
के समापन पर पुलिस आयुक्त ममता सिंह और पुलिस उपायुक्त (अपराध) जितेंद्र गहलावत सहित
वरिष्ठ अधिकारियों ने शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया। पुलिस आयुक्त ने कहा कि
पुलिस प्रशासन शहीद परिवारों के साथ हमेशा खड़ा है। परिजनों ने भी अपने प्रियजनों के
देशसेवा में दिए बलिदान पर गर्व जताया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना