सोनीपत नगर निगम चुनाव की घोषणा, क्षेत्र राजनीतिक हलचल तेज
सोनीपत, 13 अप्रैल (हि.स.)। सोनीपत
नगर निगम के आम चुनाव का रास्ता साफ हो गया है। सोमवार को शहरी निकाय चुनाव की आधिकारिक
घोषणा के साथ ही शहर में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। घोषणा के साथ ही आचार
संहिता लागू हो गई है और अब नगर निगम के मेयर पद तथा 22 वार्डों के पार्षदों के चुनाव
की प्रक्रिया शुरू होगी। प्रशासन ने शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान के लिए तैयारियां
पूरी कर ली हैं। नगर निगम क्षेत्र में लगभग दो लाख 60 हजार मतदाता अपने मताधिकार का
प्रयोग करेंगे।
पिछली
बार मेयर पद के लिए मार्च 2025 में उपचुनाव करवाया गया था। उस समय केवल मेयर पद पर मतदान
हुआ था, क्योंकि तत्कालीन मेयर निखिल मदान विधायक बनने के बाद पद से इस्तीफा दे चुके
थे। अब पहली बार पूर्ण आम चुनाव कराए जाएंगे, जिनमें मेयर के साथ सभी 22 वार्डों के
पार्षद भी चुने जाएंगे। इस बार मेयर पद अनारक्षित रखा गया है, जिससे सभी वर्गों के
उम्मीदवारों के लिए अवसर खुल गए हैं।
चुनाव
की घोषणा से पहले ही प्रमुख राजनीतिक दल सक्रिय हो चुके हैं। विभिन्न दल संभावित उम्मीदवारों
की तलाश में जुट गए हैं और वार्ड स्तर पर बैठकों व जनसंपर्क अभियानों का दौर तेज हो
गया है। आरक्षण में बदलाव के कारण कई वार्डों में नए चेहरों को मौका मिलने की संभावना
है। सफाई व्यवस्था, सीवरेज, सड़कों की हालत, जल निकासी और बुनियादी सुविधाएं इस चुनाव
के प्रमुख मुद्दे बनकर उभर रहे हैं।
नगर
निगम के 22 वार्डों के लिए आरक्षण पहले ही निर्धारित किया जा चुका है। कुल 14 वार्ड
सामान्य श्रेणी के लिए तय किए गए हैं, जिनमें वार्ड 5, 12, 14 और 21 सामान्य महिला
के लिए आरक्षित हैं। अनुसूचित जाति के लिए वार्ड 2, 9, 17 और 18 आरक्षित हैं, जिनमें
वार्ड 9 और 18 अनुसूचित जाति महिला के लिए सुरक्षित हैं। पिछड़ा वर्ग ए के लिए वार्ड
6 और 10 तथा पिछड़ा वर्ग बी के लिए वार्ड 11 आरक्षित किया गया है। महिला आरक्षण के
तहत लगभग एक तिहाई वार्ड महिलाओं के लिए निर्धारित किए गए हैं।
मतदाता
सूची का अंतिम प्रकाशन हो चुका है और बड़ी संख्या में नए मतदाता जुड़े हैं। महिला मतदाताओं
की बढ़ती भागीदारी को चुनाव में निर्णायक माना जा रहा है। प्रशासन मतदान प्रतिशत बढ़ाने
के लिए जागरूकता अभियान चलाने की तैयारी कर रहा है। चुनाव घोषणा के साथ ही शहर में
राजनीतिक माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में रंगने लगा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना