सोनीपत: तेज रफ्तार कार की टक्कर से नौ वर्षीय बच्ची की मौत, भाई घायल
सोनीपत, 09 नवंबर (हि.स.)। सोनीपत के खरखौदा में ड्रेन नंबर-8 के पुल के पास तेज रफ्तार
कार ने ई-रिक्शा को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा सवार पिता और उसके दोनों
बच्चे सड़क पर गिरकर घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल नौ वर्षीय बच्ची नव्या ने पीजीआई
रोहतक में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि उसके भाई को भी चोट आई है। हादसे के बाद
कार चालक मौके से फरार हो गया। खरखौदा थाना पुलिस ने पिता की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट
के आधार पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रामनगर निवासी संभव जैन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि
वह गली नंबर-1 में किराना दुकान चलाते हैं और ई-रिक्शा भी चलाते हैं। 8 नवंबर की सुबह
वह अपने बेटे नमन जैन और बेटी नव्या के साथ अपने दोस्त नरेंद्र निवासी
बखेता, रोहतक से मिलने खरखौदा गए थे। दोस्त के नहीं मिलने पर वह दोनों बच्चों के साथ
ई-रिक्शा से वापस रामनगर लौट रहे थे।
संभव जैन के अनुसार, जब वे खरखौदा से सोनीपत की तरफ ड्रेन
नंबर-8 के पुल के पास पहुंचे तो पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने ई-रिक्शा को टक्कर मार
दी। टक्कर लगने से वह दोनों बच्चों सहित सड़क पर गिर गए। आरोप है कि कार चालक लापरवाही
से तेज गति में वाहन चला रहा था। हादसे के बाद उसने कार रोकने के बजाय मौके से भगा
दी।
संभव जैन ने निजी वाहन की व्यवस्था कर दोनों बच्चों को सामुदायिक
स्वास्थ्य केंद्र खरखौदा पहुंचाया। वहां से नव्या की गंभीर हालत को देखते हुए उसे पीजीआई
रोहतक रेफर कर दिया गया। पिता ने उसे पीजीआई में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान
डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, बेटे नमन की मेडिकल रिपोर्ट में भी एक चोट दर्ज
की गई है।
सूचना मिलने पर पीएसआई आशीष पुलिस टीम के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य
केंद्र खरखौदा पहुंचे थे। नव्या को पीजीआई रेफर किए जाने की जानकारी मिलने पर पुलिस
टीम वहां पहुंची। डॉक्टरों से बच्ची की मौत की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने पिता की
शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया। पुलिस फरार कार चालक की पहचान
करने और हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना