सोनीपत: ड्यूटी निभाते हेड कांस्टेबल की सड़क हादसे में मौत, चालक फरार
सोनीपत, 04 अगस्त (हि.स.)। सोनीपत
के कुंडली क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर यातायात सुचारु कराने के दौरान हरियाणा पुलिस
के हेड कांस्टेबल की सड़क हादसे में मौत हो गई। वह डायल-112 की आपातकालीन
प्रतिक्रिया वाहन पर तैनात थे। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। कुंडली
थाना पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान
के लिए आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली जा रही है।
पुलिस
के अनुसार, सोमवार देर रात डायल-112 पर सूचना मिली थी कि नेशनल हाईवे के
बीच एक वाहन खराब होकर खड़ा है, जिससे लंबा जाम लग गया है। सूचना मिलने पर हेड कांस्टेबल
देवी दयाल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। यातायात सामान्य कराने और खराब वाहन को
हटवाने के लिए वह सड़क पर उतरे। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आए एक वाहन ने उन्हें
टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वे घायल हो गए। साथी पुलिस कर्मी उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे,
जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज
दिया गया। पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार को शव परिजनों को सौंपा।
परिजनों
ने बताया कि रात करीब एक बजे पुलिसकर्मी उनके घर पहुंचे और ड्यूटी के दौरान हादसे की
जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिवार अस्पताल पहुंचा, जहां उनकी मृत्यु की पुष्टि हुई।
देवी दयाल पिछले करीब 20 वर्षों से हरियाणा पुलिस में सेवाएं दे रहे थे। उनके परिवार
में पत्नी, दो बेटे और दो बेटियां हैं। परिवार के प्रमुख सदस्य के निधन से घर में शोक
का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कुंडली
थाना पुलिस का कहना है कि हादसे के बाद फरार हुए वाहन और चालक की पहचान के लिए घटनास्थल
तथा आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज की जांच की जा रही है। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ
मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि सभी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और
आरोपी की पहचान होते ही उसे गिरफ्तार कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हादसे
के कारणों की भी जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना