सोनीपत: डीसीआरयूएसटी मुरथल के दाखिलों में 18 फीसदी की बढ़ोतरी : कुलगुरु प्रो.सिंह
सोनीपत, 15 सितंबर (हि.स.)। दीनबंधु
छोटू राम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मुरथल में इंजीनियरिंग और तकनीकी
शिक्षा के प्रति विद्यार्थियों का रुझान बढ़ रहा है। विश्वविद्यालय में बीटेक प्रथम
वर्ष में दाखिल विद्यार्थियों की संख्या तीन साल में 607 से बढ़कर 716 हो गई है। वर्ष
2024-25 में 607, 2025-26 में 654 और 2026-27 में 716 विद्यार्थियों ने दाखिला लिया।
इस तरह दो साल में 109 विद्यार्थियों की वृद्धि हुई, जो करीब 18 प्रतिशत है।
कुलगुरु
प्रो. प्रकाश सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों का बढ़ता भरोसा गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा,
आधुनिक पाठ्यक्रम, प्रयोगशाला सुविधाओं और रोजगारपरक शिक्षा व्यवस्था का संकेत है।
विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को उद्योग की बदलती जरूरतों के अनुसार तकनीकी दक्षता के
साथ नवाचार और शोध के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दे रहा है। 2026-27 में कंप्यूटर साइंस
एंड इंजीनियरिंग में 140 सीटों पर पूरे दाखिले हुए। इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन
इंजीनियरिंग में 139, रसायन इंजीनियरिंग में 69, सिविल इंजीनियरिंग में 69, मैकेनिकल
इंजीनियरिंग में 69 और इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में 68 विद्यार्थियों ने दाखिला लिया।
बायोमेडिकल इंजीनियरिंग में 35 और जैव प्रौद्योगिकी में 35 दाखिले हुए। कृषि इंजीनियरिंग
में 2024-25 के 17 के मुकाबले 2025-26 में 34 दाखिले हुए। वहीं 2026-27 में नए पाठ्यक्रमों
के तहत डिजाइन में 11, इलेक्ट्रिकल एंड कंप्यूटर इंजीनियरिंग में 33 तथा ऊर्जा एवं
पर्यावरण प्रबंधन में 21 विद्यार्थियों ने दाखिला लिया। विश्वविद्यालय में वास्तुकला
की पढ़ाई के लिए भी विद्यार्थियों का रुझान बना हुआ है। बैचलर ऑफ आर्किटेक्चर में तीनों
वर्षों में 40-40 दाखिले हुए, यानी सभी सीटें भरी रहीं।
कुलगुरु
ने कहा कि विश्वविद्यालय आगे ऐसे पाठ्यक्रमों को प्राथमिकता देगा, जिनसे विद्यार्थियों
को उच्च शिक्षा, शोध, नए उद्यम और रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना