सोनीपत: जवाहरा ने जीती वॉलीबॉल प्रतियोगिता, प्रदीप सांगवान ने किया सम्मानित
सोनीपत, 01 नवंबर (हि.स.)। गोहाना में हलका बरोदा के गांव जवाहरा में बाबा पूर्णगिरी
महाराज की याद में रविवार को चौथी वॉलीबॉल प्रतियोगिता करवाई गई। प्रतियोगिता में गांव
जवाहरा की टीम ने पहला और रिवाड़ा की टीम ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। समापन पर पूर्व
भाजपा हलका बरोदा प्रत्याशी प्रदीप सांगवान ने विजेता खिलाड़ियों को पारितोषिक देकर
सम्मानित किया।
प्रदीप सांगवान ने कहा कि खिलाड़ी राष्ट्र का गौरव होते हैं।
वे अपनी मेहनत, अनुशासन और प्रतिभा के दम पर पदक जीतकर प्रदेश और देश का नाम रोशन करते
हैं। उन्होंने कहा कि खेलों में आगे बढ़ने के लिए नियमित अभ्यास, लगन और मजबूत इच्छाशक्ति
जरूरी है। ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसी प्रतियोगिताएं युवाओं को खेलों से जोड़ने और उनकी
प्रतिभा निखारने का अच्छा अवसर देती हैं। उन्होंने कहा कि गांवों में खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन से
युवाओं में आपसी भाईचारा, अनुशासन और टीम भावना बढ़ती है। खेल युवाओं को स्वस्थ रखने
के साथ उन्हें नशे और गलत आदतों से दूर रहने की प्रेरणा भी देते हैं। इसलिए ग्रामीण
स्तर पर खेलों को बढ़ावा देना जरूरी है, ताकि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने
का अवसर मिले। सांगवान ने कहा कि प्रदेश की नायब सरकार और केंद्र सरकार पदक विजेता
खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार के साथ सरकारी नौकरी के अवसर भी दे रही हैं। इससे युवाओं
को खेलों में बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलती है। इस मौके पर डॉ. राममेहर राठी,
महंत ईश्वर गिरी, हवा सिंह रोड़, प्रदीप कुमार, रमेश रोड़, सुल्तान सहित अनेक खेल प्रेमी
मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना