सोनीपत: एसआईआर पर विधायक निखिल मदान ने छात्राओं की भ्रांतियां दूर की
सोनीपत, 21 नवंबर (हि.स.)। सोनीपत में मतदाता सूची के शुद्धिकरण और लोकतांत्रिक व्यवस्था
को पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान
को लेकर सीसीएएस जैन गर्ल्स पीजी कॉलेज, गन्नौर में युवा संवाद एवं जागरूकता कार्यक्रम
शनिवार को आयोजित किया गया। इसमें विधायक निखिल मदान ने मुख्य वक्ता के रूप में छात्राओं
से संवाद किया और एसआईआर प्रक्रिया की जानकारी देते हुए इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर
किया।
विधायक ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची का
शुद्ध और अद्यतन होना जरूरी है। इस प्रक्रिया का उद्देश्य पात्र नागरिकों के नाम मतदाता
सूची में शामिल करना तथा अपात्र और गलत प्रविष्टियों को नियमानुसार हटाना या ठीक करना
है। मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि लोकतंत्र के प्रति जिम्मेदारी भी है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस एसआईआर को लेकर लोगों में भ्रम फैला
रही है और इसे वोट चोरी का नाम देकर गलत तरीके से पेश कर रही है। उन्होंने बताया कि
करीब 13 करोड़ मतदाताओं के नाम हटाए जाने का मामला अनुपस्थित, स्थान बदल चुके, दो जगह
नाम दर्ज होने वाले और मृत मतदाताओं से जुड़ा है। इनमें करीब 3 करोड़ अनुपस्थित,
6.3 करोड़ स्थान बदल चुके, 1 करोड़ दोहरी प्रविष्टि वाले और 2.8 करोड़ मृत मतदाता शामिल
हैं।
उन्होंने कहा कि इन नामों को हटाने का उद्देश्य मतदाता सूची को सही करना है। निखिल मदान ने बताया कि 24 जून 2025 से अब तक करीब 2.37 करोड़
नए मतदाता सूची में जुड़े हैं। नई पीढ़ी के युवाओं को भी अपना नाम मतदाता सूची में
दर्ज करवाने में कोई परेशानी नहीं हो रही है। उन्होंने छात्राओं से अपील की कि वे बिना
तथ्यों की जानकारी के किसी बात पर विश्वास न करें और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों
को भी एसआईआर के बारे में सही जानकारी दें।
कार्यक्रम में छात्राओं ने प्रक्रिया से
जुड़े सवाल पूछे, जिनका विधायक ने जवाब दिया। उन्होंने कहा कि जागरूक युवा ही मजबूत
लोकतंत्र की नींव हैं और सभी को मतदान प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए। इस मौके पर गन्नौर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी देवेंद्र कौशिक,
मार्केट कमेटी के चेयरमैन निशांत छौकर, वाइस चेयरमैन योगेश कौशिक, कॉलेज प्राचार्य
डॉ. मनोज कुमार और नीतीश त्यागी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना