सोनीपत: अग्रसेन द्वार के सौंदर्यीकरण का काम देवा सोसायटी कराएगी: विधायक
सोनीपत, 11 अक्टूबर (हि.स.)। नवरात्र
के पहले दिन रविवार को शहर में अग्रसेन जयंती धूमधाम से मनाई गई। अग्रवाल समाज की ओर
से भव्य प्रभात फेरी एवं शोभायात्रा का आयोजन किया गया। शोभायात्रा श्री सनातन धर्म
मंदिर, अग्रसेन परिसर से गाजे-बाजे और उत्साहपूर्ण माहौल के साथ रवाना हुई। शहर में
जगह-जगह पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। अग्र रत्न प्रेम चंद गोयल व सुरेश
चंद मित्तल के सान्निध्य में निकाली शोभायात्रा की खास आकर्षण बनी रंग-बिरंगी व मनमोहक
झांकियां, जिनमें महाराजा अग्रसेन के जीवन व आदर्शों का जीवंत चित्रण किया गया। इस
दौरान समाज के लोगों ने बढ़चढ़ कर भाग लिया।
इससे
पूर्व शनिवार संध्या पर अनाज मंडी गेट पर महाराजा अग्रसेन द्वार पर अग्रवाल समाज ने
पितृ अमावस्या पर एक दीपक पितरों के नाम पर लगभग 108 दीप प्रज्जवलन कर भंडारा लगाया।
जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि क्षेत्रीय
विधायक देवेंद्र कादियान व नगरनिगम सोनीपत के मेयर राजीव जैन ने महाराजा अग्रसेन की
प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पूजा-अर्चना की।
विधायक
कादियान ने कहा कि देवा सोसायटी की ओर से महाराजा अग्रसेन द्वार का जल्द ही भव्य सौंदर्यीकरण
कराया जाएगा, ताकि द्वार की भव्यता बढ़ाने के साथ महाराजा अग्रसेन जी के गौरव और आदर्शों
को भी सम्मान दिया जा सके। उन्होंने अग्रवाल समाज की एकता और सक्रियता की सराहना की।
मेयर राजीव जैन ने कहा कि महाराजा अग्रसेन जी ने समाज को समानता, सहयोग और जनकल्याण
का मार्ग दिखाया। उनकी एक रुपया-एक ईंट की परंपरा सामाजिक सहभागिता और जरूरमंदों की
मदद का प्रतीक है। उनके आदर्शों को अपनाकर समाज में भाईचारा मजबूत करना और युवा पीढ़ी
को उनके विचारों से जोड़ना हम सभी की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम समापन पर समाज के लोगों
ने विधायक कादियान व मेयर राजीव जैन को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। राजकुमार
अग्रवाल, संदीप सिंघल, कृष्ण जिंदल, डॉ. राकेश जैन, पार्षद वरुण जैन, श्वेत मित्तल,
प्रिया जिंदल, मनीषा जैन, सीमा गोयल, पार्षद दिनेश अदलखा, डॉ. मनोज कुमार, विनोद गोयल,
अंकित मल्होत्रा आदि मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना