सोनीपत: अंतरराष्ट्रीय मानकों पर आधारित स्ट्रेंथ कंडीशनिंग कार्यशाला में दिखा उत्साह
सोनीपत, 19 मार्च (हि.स.)। हरियाणा
खेल विश्वविद्यालय आयोजित स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग
कार्यशाला का गुरुवार को समापन हुआ। यह कार्यशाला दो चरणों में आयोजित की गई। पहले
चरण में पीजी डिप्लोमा स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग के विद्यार्थियों को प्रशिक्षण दिया
गया, जबकि दूसरे चरण में पीजी डिप्लोमा स्पोर्ट्स कोचिंग, बीपीईएस, एमपीईएस तथा बीएससी
स्पोर्ट्स साइंस के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
कार्यशाला
के दौरान खेल विधाओं के अनुरूप गेम स्पेसिफिक वार्म अप, एनर्जी सिस्टम कंडीशनिंग, स्पीड
ट्रेनिंग सहित विभिन्न व्यावहारिक सत्र आयोजित किए गए। इन सत्रों के माध्यम से विद्यार्थियों
को खेल फिटनेस के वैज्ञानिक पहलुओं की समझ विकसित करने का अवसर मिला। प्रशिक्षण पूरी
तरह व्यावहारिक आधार पर केंद्रित रहा, जिससे विद्यार्थियों में सीखने को लेकर उत्साह
देखा गया।
मुख्य
विशेषज्ञ के रूप में गौरव कौशिक ने कार्यशाला का संचालन किया। उन्होंने स्ट्रेंथ एंड
कंडीशनिंग के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर के मानकों के अनुरूप प्रशिक्षण दिया।
कार्यशाला में ऑस्ट्रेलियन स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग एसोसिएशन के लेवल 1 और लेवल 2 मानकों
को ध्यान में रखते हुए विषयवस्तु शामिल की गई, जिससे विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर
की जानकारी मिली।
समापन
अवसर पर कुलपति अशोक कुमार ने विशेषज्ञ को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। उन्होंने
कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव प्रदान करती हैं,
जिससे वे शिक्षा पूरी करने के बाद खेल संस्थानों और अकादमियों में बेहतर योगदान देने
के लिए तैयार होते हैं।
कार्यशाला
के आयोजन में समन्वयक हर्षित वर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर डीन फिजिकल
एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स, निदेशक खेल सहित अन्य संकाय सदस्यों ने कार्यशाला की सराहना
की। विद्यार्थियों ने भी इसे उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे उनके ज्ञान और कौशल में
वृद्धि हुई।
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना