सिरसा: लाखों रुपये की हेरोइन सहित तस्कर गिरफ्तार
सिरसा, 31 मई (हि.स.)। पुलिस ने सिरसा जिले क्षेत्र से एक नशा तस्कर को लाखों रुपये की हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। सीआईए सिरसा प्रभारी इंस्पेक्टर रविंद्र सिंह ने रविवार को बताया कि गिरफ्तार किए गए युवक की पहचान सिरसा निवासी शेखर के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम नियमित गश्त एवं संदिग्ध व्यक्तियों की जांच के लिए थेहड़ मोहल्ला क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान एक युवक आता दिखाई दिया जो कि पुलिस को देखकर अचानक वापस मुडक़र भागने की कोशिश करने लगा। युवक की गतिविधियों को देखते हुए पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की और शक के आधार पर तलाशी ली। तलाशी के दौरान युवक के कब्जे से लाखों रुपए की 25 ग्राम हेरोइन बरामद हुई जिस पर पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के खिलाफ शहर थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
इसके अलावा सीआईए ऐलनाबाद पुलिस टीम ने गांव शेरपुरा क्षेत्र सेे पांच जुआरियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक लाख रुपये की जुआराशि बरामद की है। सीआईए प्रभारी संदीप सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि गांव शेरपुरा में बड़े स्तर पर जुआ खेला जा रहा है। पुलिस ने मौके पर दबिश देकर पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ डिंग थाना में मामला दर्ज किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma