सिरसा: लाखों की हेरोइन बरामद, तस्कर गिरफ्तार
सिरसा, 02 अक्टूबर (हि.स.)। पुलिस ने जिले से एक नशा तस्कर को लाखों रुपये की हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार पकड़े गए तस्कर की पहचान सिरसा निवासी रोहित के रूप में हुई है। सीआईए ऐलनाबाद प्रभारी संदीप कुमार ने शुक्रवार को बताया कि पुलिस टीम गश्त एवं चेकिंग के दौरान सिरसा के रेलवे फाटक क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान सामने से एक युवक पैदल आता दिखाई दिया जो कि पुलिस को देखकर वापस भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने संदेह के आधार पर उसे रोक कर पूछताछ की और तलाशी लेने पर उसके कब्जे से लाखों रुपये हेरोइन बरामद की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सिविल लाइन सिरसा में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीआईए प्रभारी ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा और रिमांड अवधि के दौरान हेरोइन तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
उधर, डबवाली पुलिस ने युवती के अपहरण कर दुष्कर्म करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर डबवाली थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma