सिरसा: नाबालिग युवती से छेड़छाड़ का आरोपी टीजीटी अध्यापक गिरफ्तार
सिरसा, 20 अप्रैल (हि.स.)। स्थानीय पुलिस ने नाबालिग युवती से छेड़छाड़ के मामले में एक टीजीटी अध्यापक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पीडि़ता की शिकायत पर आरोपी अध्यापक के खिलाफ मामला दर्ज किया था। सिविल लाइन थाना प्रभारी ने सोमवार को बताया कि पीडि़ता ने शिकायत में बताया कि आरोपी अध्यापक का उसके घर पर आना-जाना था।
बीते दिनों दोपहर के समय आरोपी उसके घर पहुंचा, उस समय घर पर कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं था। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी की नीयत खराब हो गई और उसने पीडि़ता का हाथ पकडक़र उसे जबरदस्ती कमरे में खींच लिया तथा उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा। पीडि़ता द्वारा शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया। शिकायत मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने विभिन्न पहलुओं पर जांच करते हुए और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी अध्यापक विजेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
चेक बाउंस मामलों में नौ वांछित भगोड़े गिरफ्तार
पुलिस ने चेक बाउंस मामलों में शामिल नौ वांछित भगोड़ों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में बलविंद्र कौर, तरीपत खन्ना, सन्नी कुमार, रणधीर सिंह, राकेश कुमार, जगमाल सिंह, करण सिंह, कुलदीप कुमार, मोहित कुमार शामिल है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ थाना सिविल लाइन सिरसा में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी । गिरफ्तार किए गए आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma