सिरसा: गैस सिलेंडरों के बढ़े दामों के खिलाफ महिला कांग्रेस का प्रदर्शन

 


सिरसा, 08 मार्च (हि.स.)। रसोई गैस सिलेंडरों के दामों में की गई वृद्धि के खिलाफ रविवार को महिला कांग्रेस ने सिरसा में सरकार के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया। विरोध प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने बढ़े हुए दामों को तुरंत वापस लेने की मांग की।

कांग्रेस की जिला महिला प्रधान कृष्णा फौगाट ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर ही सरकार ने रसोई गैस के दामों में वृद्धि कर महिलाओं को ये तोहफा दिया है, जिससे प्रमाणित होता है कि सरकार महिलाओं का कितना सम्मान करती है। उन्होंने कहा कि मौजूदा शासन में जहां आम घरेलू चीजों के दाम आसमान छू रहे हैं, वहीं महिलाओं के प्रति बढ़े अपराधों ने महिला वर्ग को अपने घरों में ही रहने को मजबूर कर दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन की गलत नीतियों के खिलाफ कांग्रेस सडक़ से लेकर सदन तक अपना संघर्ष जारी रखेगी। इस दौरान प्रदर्शनकारी महिला कांग्रेस पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने भाजपा मुर्दाबाद के नारे भी लगाए। इस प्रदर्शन में अंगूरी देवी वर्मा, कमलेश संधू, पुष्पा नारंग, कृष्णा भांभू, सुनीता ढाका, गुड्डी देवी, सुनैना, अंकिता, सुमित्रा देवी सहित काफी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma