सिरसा: आवास नवीनीकरण योजना में अनियमितता पर सरपंच निलंबित
सिरसा, 26 अगस्त (हि.स.)। जिले के नाथूसरी चौपटा खंड के गांव रंधावा के सरपंच सुभाष सिंह को डॉ. भीमराव अंबेडकर आवास नवीनीकरण योजना में अनियमितताओं के मामले में उपायुक्त शांतनु शर्मा ने बुधवार को सस्पेंड कर दिया है।
गांव के ही कुछ लोगों आरोप लगाया गया था कि योजना के तहत लाभार्थियों को मिली अनुदान राशि सरपंच द्वारा हड़प ली गई। जांच में सामने आया कि गांव निवासी सीमा कंवर पत्नी सुनील सिंह और धर्मो देवी पत्नी मदन सिंह को मकान मरम्मत हेतु 80-80 हजार रुपए की अनुदान राशि स्वीकृत हुई थी। दोनों महिलाओं ने अपने बयान में कहा कि यह राशि खाते में आने के अगले ही दिन सरपंच सुभाष सिंह के बैंक खाते में ट्रांसफर करवा ली गई।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि मिट्टी गिरवाने के बहाने लाभार्थियों से कुल 1 लाख 60 हजार रुपए नकद वसूले गए। जिला कल्याण अधिकारी सिरसा की कमेटी की जांच रिपोर्ट में आरोपों की प्रथम दृष्टया पुष्टि हुई, जिसके आधार पर उपायुक्त कार्यालय ने 15 जुलाई को सरपंच को कारण बताओ नोटिस जारी कर सात दिन में जवाब मांगा था। जवाब में सरपंच सुभाष सिंह ने 23 जुलाई को खुद को निर्दोष बताते हुए दावा किया कि यह शिकायत उनके चुनावी विरोधी गुट की साजिश है, जो 2022 के पंचायत चुनाव में हार के बाद बदले की भावना से रची गई।
हालांकि जांच में यह तथ्य भी उभरकर आया कि जिस मकान की मरम्मत का दावा किया गया, वहां वास्तव में केवल एक ही कमरा मौजूद मिला, जबकि पूरी राशि महज एक दिन के भीतर सरपंच के खाते में स्थानांतरित हो गई थी, जो योजना के दुरुपयोग की आशंका को और मजबूत करता है। शिकायतकर्ताओं ने बाद में आरटीआई के जरिए भी दस्तावेज हासिल कर मामले की दोबारा निष्पक्ष जांच की मांग उठाई थी। सरपंच सुभाष सिंह ने कहा कि मेरे पर लगे आरोप निराधार है। इसकी अपील करूंगा। इसके लिए एक महीने का समय है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma