सडक़ निर्माण एवं मरम्मत में ढिलाई पर ब्लैक लिस्ट होंगे ठेकेदार, लगेगा जुर्माना
- हमारी सड़क ऐप पर प्राप्त शिकायतों का तुरंत हो समाधान- लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर होगी कार्रवाई
चंडीगढ़, 08 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सड़क निर्माण सामग्री की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए कहा कि यदि विकास कार्यों के लिए समय पर तारकोल(बिटुमेन) की आपूर्ति में बाधा आ रही है, तो काम को रोकने के बजाय सडक़ों का निर्माण सीमेंटेड(सीसी रोड) कराया जाए। विकास की गति किसी भी स्थिति में धीमी नहीं पड़नी चाहिए।
मुख्यमंत्री शनिवार को चंडीगढ़ स्थित हरियाणा निवास में 10 प्रमुख विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ वर्ष 2025-26 के रोड वक्र्स (सड़क निर्माण कार्यों) की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में पीडब्ल्यूडी, एचएसएएमबी, पंचायत विभाग, एफएमडीए, जीएमडीए, एसएमडीए, पीएमडीए, एचएसवीपी, एचएसआईआईडीसी एवं यूएलबीए के अधिकारियों ने शिरकत की।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने 'हमारी सडक़' मोबाइल ऐप के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस ऐप पर आमजन द्वारा दर्ज कराई जाने वाली सडक़ों के गड्ढों एवं क्षति से संबंधित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर जल्द समाधान किया जाए। शिकायतों के निस्तारण या रिपोर्टिंग में किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है, तो उसके खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
निर्माण कार्यों में देरी करने वाले ठेकेदारों पर कड़ा रुख अपनाते हुए नायब सिंह सैनी ने कहा कि जो ठेकेदार तय समय पर काम पूरा नहीं करेंगे उन पर जुर्माना लगाया जाएगा, जो गुणवत्ता मानकों की अनदेखी करेंगे उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी और उन्हें ब्लैकलिस्ट किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा