संजय दत्त ने हरियाणा कांग्रेस नेताओं संग की बैठक
-संजय दत्त की मौजूदगी में संगठन की मजबूती पर बोले हुड्डा, सैलजा, सुरजेवाला
चंडीगढ़, 08 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा कांग्रेस के नवनियुक्त प्रभारी संजय दत्त बुधवार को पहली बार चंडीगढ़ पहुंचे और हरियाणा कांग्रेस मुख्यालय में प्रदेश से आए हुए पदाधिकारियों के साथ कई घंटे तक नेताओं के साथ बैठक की। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, आगामी राजनीतिक चुनौतियों पर व्यापक रणनीति तैयार करना तथा जनहित के मुद्दों पर कांग्रेस की भूमिका को और अधिक प्रभावी बनाना था।
कांग्रेस प्रभारी 12 जुलाई तक चंडीगढ़ में रहकर अलग-अलग बैठकों का आयोजन करके समूचे संगठन व प्रदेश भर के कार्यकर्ताओं से रूबरू होंगे। बैठक के दौरान प्रभारी संजय दत्त ने सबसे पहले हरियाणा के सांसदों के साथ विस्तृत चर्चा की। इसके पश्चात उन्होंने कांग्रेस विधायकों के साथ अलग बैठक कर संगठनात्मक विषयों, राजनीतिक परिस्थितियों एवं आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अपने संबोधन में संजय दत्त ने कहा कि कांग्रेस की सबसे बड़ी शक्ति उसका समर्पित और संघर्षशील कार्यकर्ता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता गांव, वार्ड और बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाने का संकल्प लेकर जनता के बीच सक्रिय रूप से कार्य करें।
उन्होंने स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) के मुद्दे पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया के नाम पर आम नागरिकों को अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रत्येक नागरिक के मतदान के अधिकार की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ खड़ी है।
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि किसी भी राजनीतिक संगठन की वास्तविक शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ताओं में निहित होती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जनता के बीच निरंतर सक्रिय रहकर उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाएं तथा कांग्रेस की विचारधारा और जनहितकारी नीतियों को घर-घर तक पहुंचाएं। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और कानून-व्यवस्था जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना कर रही है।
सांसद कुमारी शैलजा ने महिलाओं, युवाओं और समाज के वंचित वर्गों को संगठन से जोडऩे पर बल दिया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे जनता के बीच जाकर सरकार की नीतियों की वास्तविकता को उजागर करें तथा कांग्रेस की सकारात्मक सोच और जनकल्याणकारी दृष्टिकोण को प्रत्येक घर तक पहुंचाएं। सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, कार्यकर्ताओं का समर्पण और संगठन की एकजुटता ही कांग्रेस की सबसे बड़ी पूंजी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा