शिक्षा विभाग में ट्रांसफर ड्राइव की तैयारी, जल्द जारी होगा शेड्यूल
हाईकोर्ट के निर्देशों के अनुरूप बनेगा ट्रांसफर ड्राइव का शेड्यूल
स्कूलों की जमीन से लेकर तबादलों तक सख्ती
दो दिन में भूमि रिकॉर्ड दुरुस्त करने के निर्देश
चंडीगढ़, 07 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा शिक्षा विभाग में इस बार 100 फीसदी ट्रांसफर ड्राइव की कवायद में जुटा है। जल्द ही ट्रांसफर ड्राइव का शेड्यूल जारी होगा। हालांकि, यह शेड्यूल हाईकोर्ट के निर्देशों के अनुरूप ही तैयार किया जाएगा। बुधवार को शिक्षा विभाग के निदेशक जितेंद्र कुमार की अध्यक्षता में आयोजित हुई वीडियो क्रांफेसिंग बैठक में बड़े फैसले लिए गए और आगामी कार्ययोजनाओं का एक्शन प्लान तैयार किया गया। बैठक के दौरान शिक्षा निदेशक ने भूमि रिकार्ड को दुरुस्त करने, स्कूलों का निरीक्षण और शिकायतों के निपटान के निर्देश दिए।
शिक्षा निदेशक ने स्पष्ट किया कि विभाग की ओर से ट्रांसफर ड्राइव की तमाम औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। हाईकोर्ट के निर्देशानुसार ट्रांसफर ड्राइव का शेड्यूल जारी किया जाएगा। बैठक में स्कूलों में खेल सुविधाओं का आधारभूत ढांचा मजबूत करने के लिए हाई स्कूल और सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में खेल और खेल मैदान के लिए प्रति विद्यालय एक लाख रुपये की राशि जारी करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में स्कूलों की भूमि से संबंधित रिकार्ड को लेकर हिदायत दी गई कि जिन विद्यालयों की भूमि अभी तक शिक्षा विभाग के नाम दर्ज नहीं है, ऐसी भूमि को विभाग के नाम करवाने की आवश्यक कार्रवाई अगले दो दिनों के भीतर पूरी कराने को कहा गया है। साथ ही संबंधित भूमि का स्टेटस एमआईएस पोर्टल पर अपडेट करना भी अनिवार्य होगा। इसके लिए एमआईएस पोर्टल पर संबंधित मॉड्यूल को इसी सप्ताह अपडेट किए जाने की हिदायत दी गई। शिक्षा निदेशक ने विद्यालयों के निरीक्षण को अधिक प्रभावी और रिकॉर्ड आधारित बनाने के लिए कड़ी हिदायत देते हुए स्पष्ट किया कि विद्यालय का निरीक्षण या भ्रमण करने वाले प्रत्येक अधिकारी को स्कूल विजिट रजिस्टर में कम-से-कम एक पूरा पृष्ठ दर्ज करना होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा