यमुनानगर : हाई वोल्टेज तार की चपेट में आया बुजुर्ग,करंट से झुलसा; धमाके से दुकानों का सामान भी नष्ट
यमुनानगर, 10 अप्रैल (हि.स.)। शहर के आदर्श नगर क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में दुकान की छत पर रंगाई कार्य कर रहा एक बुजुर्ग पेंटर हाई वोल्टेज बिजली लाइन की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। करंट लगते ही जोरदार धमाका हुआ, जिससे आसपास की दुकानों में रखा इलेक्ट्रॉनिक सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को छत से नीचे उतारा, लेकिन समय पर एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी। इसके चलते लोगों ने घायल को स्कूटी के माध्यम से सिविल अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति गंभीर देखते हुए उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया।
घायल की पहचान यमुनानगर निवासी महेंद्र के रूप में हुई है, जो पेशे से पेंटर हैं। उनकी पुत्री रेखा ने बताया कि वह अपने माता-पिता की एकमात्र संतान हैं। उनके अनुसार, महेंद्र आदर्श नगर में एक दुकान पर पेंटिंग का कार्य कर रहे थे, तभी दोपहर करीब ढाई बजे हादसे की सूचना मिली। अस्पताल पहुंचने पर उन्होंने पाया कि उनके पिता लगभग 60 प्रतिशत तक झुलस चुके थे। परिजनों ने आरोप लगाया कि पीजीआई चंडीगढ़ ले जाने के लिए भी सरकारी एंबुलेंस समय पर उपलब्ध नहीं हो सकी, जिसके चलते उन्हें निजी एंबुलेंस की व्यवस्था करनी पड़ी।
प्रत्यक्षदर्शी सुरेश ने बताया कि दोपहर के समय अचानक तेज धमाका हुआ, जिसके बाद पास की दुकानों से धुआं उठता दिखाई दिया। मौके पर पहुंचने पर एक व्यक्ति को छत पर गंभीर रूप से झुलसी अवस्था में पाया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुकान के ऊपर से गुजर रही उच्च क्षमता की विद्युत लाइन की चपेट में आने से यह हादसा हुआ। सूचना मिलने पर संबंधित विभाग को अवगत करा दिया गया है। मामले को लेकर आगे की कार्रवाई जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार