यमुनानगर : विवाहिता की मौत, हत्या का आरोप
यमुनानगर, 30 अक्टूबर (हि.स.) यमुनानगर में करवाचौथ का पर्व मनाने को लेकर पति-पत्नी के बीच शुरू हुआ विवाद एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद गंभीर मामले में बदल गया। गांधी नगर थाना क्षेत्र के कैंप एरिया निवासी 28 वर्षीय शिवानी का शव घर में बेड पर पड़ा मिला।
मृतका के मायके पक्ष ने उसके पति, ननद और ननदोई पर हत्या करने तथा वारदात को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, शिवानी की शादी शादिपुर निवासी प्रिंस के साथ हुई थी।
दंपती की दो बेटियां हैं, जिनमें बड़ी बेटी प्रिया आठ वर्ष और छोटी बेटी धामी पांच वर्ष की है। बताया गया है कि करवाचौथ के अवसर पर शिवानी व्रत रखना चाहती थी। आरोप है कि उसका पति और ससुराल पक्ष करवाचौथ का त्योहार नहीं मनाते थे।
इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। मृतका के मौसेरे भाई गौरव ने आरोप लगाया कि विवाद के दौरान शिवानी के साथ मारपीट भी की गई।
परिजनों के अनुसार, गुरुवार देर रात प्रिंस ने शिवानी की मां सुमन को फोन कर बताया कि शिवानी ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे तो शिवानी का शव बेड पर पड़ा मिला।
गौरव ने आरोप लगाया कि प्रिंस, उसकी बहन और ननदोई ने मिलकर शिवानी की हत्या की और बाद में मामले को आत्महत्या दिखाने का प्रयास किया। परिजनों ने पुलिस को शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर यमुनानगर के सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार