मानेसर: खुले में कूड़ा डाला तो संपत्ति होगी सील

 


-संसाधन और सफाई कर्मचारियों की संख्या कम मिलने पर रोजाना लगेगी पैनल्टी

गुरुग्राम, 23 जुलाई (हि.स.)। मानेसर नगर निगम क्षेत्र के नागरिक ध्यान दें...अगर किसी ने भी खुले में कूड़ा डालकर स्वच्छता को पलीता लगाने का प्रयास किया तो उन पर नगर निगम का चाबुक चलेगा। ऐसे लोगों की पहचान कर उनकी संपत्तियां सील की जाएंगीं।

नगर निगम मानेसर ने निगम क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए सख्त रूख अपनाते हुए खुले में कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का निर्णय लिया है। आयुक्त प्रदीप सिंह ने गुरुवार को कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा डालने वाले लोगों की पहचान कर उनके चालान किए जाएंगे। चालान की राशि जमा नहीं करवाई तो संबंधित संपत्ति को सील किया जाएगा।

निगम आयुक्त प्रदीप सिंह ने कहा कि नगर निगम की प्राथमिकता निगम क्षेत्र को स्वच्द और सुंदर बनाए रखना है। इसके लिए निगम लगातार अभियान चला रहा है, लेकिन इस कार्य में नागरिकों की भागीदारी भी उतनी ही जरूरी है। उन्होंने कहा कि यदि लोग नियमों की अनदेखी करके खुले में कूड़ा डालते रहेंगे तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। आयुक्त ने सभी सहायक सफाई निरीक्षकों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में ऐसे लोगों की पहचान करें जो सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंक रहे हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ तुरंत चालान की कार्रवाई की जाए और यदि वे निर्धारित समय में जुर्माना जमा नहीं करते है तो उनकी संपत्ति सील की जाएगी।

आयुक्त प्रदीप सिंह ने बैठक के दौरान घर से कूड़ा उठाने वाली एजेंसी और रोड स्वीपिंग एजेंसी के कार्यों की समीक्ष करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि यदि किसी दिन एजेंसियां निर्धारित संख्या में कर्मचारी और संसाधन उपलब्ध नहीं कराती, तो जिनते संसाधन या कर्मचारी कम है, उसके अनुसार रोजाना पैनल्टी लगाई जाए। संयुक्त आयुक्त पुनीत कुमार ने कहा कि सहायक सफाई निरीक्षक प्रतिदिन सफाई कर्मचारियों और उपलब्ध संसाधनों की संख्या का सत्यापन संबंधित वार्ड समिति के सदस्यों से करवाएं, ताकि कार्यों में पारदर्शिता बनी रहे। निगम क्षेत्र में सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खुले में कूड़ा फेंकने वालों के अलावा सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग करने वाले तथा कूड़े में आग लगाने वाले लोगों के खिलाफ भी अभियान चलाकर चालान किए जाएं। खुले में कूड़ा डालने वाले वाहनों को जब्त किया जाए। बैठक में स्वच्छ भारत मिशन के एक्सईएन निजेश, एसडीओ विपिन बूरा, सीएसआई विजय कौशिक, जेई दीपक यादव, कृष्ण कुमार सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर