महंगाई के खिलाफ इनेलो ने कैथल में किया मटका तोड़ प्रदर्शन

 


कैथल, 01 जून (हि.स.)। पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) ने सोमवार को कैथल में प्रदर्शन किया। प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा के नेतृत्व में हुए इस विरोध प्रदर्शन में हजारों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, किसान, मजदूर, महिलाएं और युवा शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अनिल तंवर क्योड़क ने की।प्रदर्शन की शुरुआत जवाहर पार्क से हुई, जो शहर की मुख्य सड़कों से होता हुआ पिहोवा चौक पहुंचा। यहां महिलाओं ने सरकार विरोधी नारे लगाते हुए प्रतीकात्मक रूप से मटके फोड़े और महंगाई के खिलाफ अपना गुस्सा जाहिर किया। इसके बाद प्रदर्शनकारी लघु सचिवालय पहुंचे, जहां प्रधानमंत्री के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपा गया।प्रदर्शन को संबोधित करते हुए प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में महंगाई लगातार बढ़ रही है, लेकिन सरकार इसे नियंत्रित करने में पूरी तरह विफल रही है। पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के दाम आसमान छू रहे हैं, जिससे आम आदमी का जीवन मुश्किल हो गया है। जिलाध्यक्ष अनिल तंवर ने कहा कि महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है और हर घर का बजट बिगड़ चुका है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही कीमतों पर नियंत्रण नहीं किया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन में अनिल तंवर क्योड़क, एडवोकेट शशिभूषण वालिया, एडवोकेट संजीव माजरा, रामप्रकाश गोगी, सतीश गर्ग, प्रवीण चौधरी, महिला जिलाध्यक्ष सीता रानी सहित कई नेताओं ने भी संबोधित किया। इस दौरान वरिष्ठ नेता जसमेर तितरम पप्पू, राजा राम माजरा, एडवोकेट शमशेर देबन, रामेश्वर पहलवान समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।रामपाल माजरा ने आरोप लगाया कि सरकार जनता के लिए एक नियम और अपने नेताओं के लिए दूसरा नियम अपनाती है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल, डीजल, सीएनजी, एलपीजी, बिजली और खाद-बीज की बढ़ती कीमतों ने हर वर्ग को प्रभावित किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे