बैंक घोटाले में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड का कर्मचारी गिरफ्तार
चंडीगढ़, 24 जून (हि.स.)। हरियाणा के सरकारी विभागों से जुड़े कुल 661 करोड़ रुपये के बैंक निवेश घोटाले में दो आईएएस अधिकारियों को गिरफ्तार करने के बाद सीबीआई ने बुधवार को हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के कर्मचारी सौरभ शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। मामले में दो वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों की गिरफ्तारी के बाद यह तीसरी प्रमुख गिरफ्तारी मानी जा रही है। गिरफ्तारी के बाद सीबीआई ने आरोपी को पंचकूला जिला अदालत में पेश किया, जहां से उसे चार दिन की रिमांड पर भेज दिया गया।
सीबीआई के अनुसार सौरभ शर्मा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की अकाउंट शाखा में डाटा एंट्री ऑपरेटर के रूप में कार्यरत है। जांच एजेंसी का आरोप है कि उसने सरकारी धन के निवेश से जुड़े नियमों की अनदेखी करने, निजी बैंक को अनुचित लाभ पहुंचाने तथा मामले से जुड़े महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्यों को मिटाने में भूमिका निभाई।
जांच एजेंसी अब रिमांड के दौरान यह पता लगाने का प्रयास करेगी कि सरकारी धन के निवेश और बैंक खातों के संचालन से जुड़े फैसलों में सौरभ शर्मा की भूमिका क्या थी। साथ ही डिजिटल रिकॉर्ड में कथित छेड़छाड़ और दस्तावेजों के नष्ट किए जाने के पहलुओं की भी जांच होगी। सीबीआई सूत्रों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ से घोटाले की कार्यप्रणाली और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा