फ्रंटल संगठनों व प्रकोष्ठों को सक्रिय करेगी हरियाणा कांग्रेस

 


-प्रदेश प्रभारी ने चंडीगढ़ में ली संगठन के नेताओं की बैठक

चंडीगढ़, 10 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी संजय दत्त ने पार्टी के सभी फ्रंटल संगठनों, विभागों और प्रकोष्ठों को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने के निर्देश जारी किए हैं। अपने पांच दिवसीय प्रवास के दौरान संजय दत्त ने शुक्रवार को प्रदेश मुख्यालय में पार्टी के सभी प्रकोष्ठों तथा फ्रंटल संगठनों के प्रदेश अध्यक्षों के साथ बैठक की। इस दौरान हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह भी उपस्थित रहे।बैठक में संजय दत्त ने हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष पर्ल चौधरी से कहा कि महिला कांग्रेस को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाए। महिलाओं के अधिकारों, नारी सशक्तिकरण, महिलाओं पर बढ़ते अत्याचार, महंगाई, बेरोजगारी और सुरक्षा जैसे मुद्दों को मजबूती से उठाया जाए।

कांग्रेस सेवादल की प्रदेश अध्यक्ष पूनम चौहान से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि सेवादल कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह भरने तथा संगठन को गांव-गांव तक सक्रिय करने का आह्वान किया।

इंटक के प्रदेश अध्यक्ष अमित यादव से बातचीत करते हुए संजय दत्त ने कहा कि मजदूरों और कामगारों के अधिकारों की रक्षा करना तथा उनके शोषण के खिलाफ संघर्ष करना संगठन का प्रमुख दायित्व है। उन्होंने मजदूर वर्ग के बीच व्यापक जनजागरण अभियान चलाने के निर्देश दिए।

एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष अविनाश यादव से चर्चा करते हुए उन्होंने नीट, यूजीसी, यूपीएससी सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आ रही अनियमितताओं और छात्रों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने, छात्रों को जागरूक करने तथा उन्हें संगठन से जोडऩे पर बल दिया।

ओबीसी विभाग के प्रदेश अध्यक्ष चंद्र प्रकाश से बातचीत करते हुए संजय दत्त ने कहा कि पिछड़ा वर्ग समाज के अधिकारों, सामाजिक न्याय और संवैधानिक हिस्सेदारी के लिए मजबूती से संघर्ष किया जाए। हरियाणा कांग्रेस के मीडिया प्रभारी संजीव भारद्वाज से विस्तृत चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि मीडिया संगठन और जनता के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु है।

पंचायती राज संगठन के प्रदेश अध्यक्ष फोम लाल फिरोजपुर से उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के बीच कांग्रेस की नीतियों को लेकर व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाए। किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष धर्मवीर से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं, एमएसपी, फसल मुआवजा, सिंचाई, बिजली और कृषि से जुड़े अन्य मुद्दों को मजबूती से उठाया जाए। लीगल, ह्यूमन राइट्स एवं आरटीआई विभाग के प्रदेश अध्यक्ष लाल बहादुर, सोशल मीडिया विभाग की प्रदेश अध्यक्ष मोनिका डूमरा, एससी विभाग के प्रदेश अध्यक्ष मनोज बागड़ी, असंगठित कामगार एवं कर्मचारी विभाग के प्रदेश अध्यक्ष नरेश मलिक, विचार विभाग के प्रदेश अध्यक्ष विनोद कौशिक, डीएनटी विभाग के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. धन कुमार से उन्होंने संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने का आह्वान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा