फसलों की एमएसपी पर खरीद का झूठ राग अलाप रही सरकार : सुरजेवाला

 


जींद, 23 अप्रैल (हि.स.)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि 24 फसलों की एमएसपी पर खरीदी का झूठ का राग बजाने वाली भाजपा हरियाणा में किसानों को गेहूं की फसल की खरीदी और भुगतान में भी रुला रही है। किसान विरोधी भाजपा की काली करतूतों और खेती विरोधी साजिशों से किसान का पीला सोना ही मुसीबतों का रोना बन गया है। किसानों की हकमारी और घोटालेबाजी में रफ्तार भरने वाला भाजपाई डबल इंजन किसानों को फसल खरीदी और उठान, भुगतान के नाम पर खून के आंसू रुला रहा है।

राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला गुरूवार को जींद, नरवाना तथा उचाना अनाज मंडी का दौरा कर रहे थे। सुरजेवाला ने कहा कि हरियाणा में खेती और किसानी के लिए भाजपा नासूर बनी हुई है। भाजपा मंडी व्यवस्था को ही निगल जाने पर तुली है। सरसों खरीदी में गड़बड़झाले व बेईमानी को लेकर विधान सभा के विशेष सत्र में एक दिन की चर्चा की जानी चाहिए। इसे लेकर सीएम नायब सैनी जिम्मेवारी लें और किसान, आढती, मजदूर को विशेष राहत पैकेज मिले। इस दौरान किसानों की भी समस्याएं सुनी। उन्होंने कहा कि हरियाणा की मंडियों में अब तक 80 लाख मीट्रिक टन से ज्यादा गेहूं आ चुका है लेकिन केवल 55.81 लाख मीट्रिक टन की ही खरीद हो पाई है।

करीब 25 लाख मीट्रिक टन गेहूं अभी भी खरीद के इंतजार में पड़ा है। खरीदे गए गेहूं में से भी केवल 26.63 लाख मीट्रिक टन का उठान हुआ है। जिससे हालात और बिगड़ गए हैं। उन्होंने कहा कि लगभग 70 प्रतिशत गेहूं यानी 53 लाख मीट्रिक टन से ज्यादा फसल अभी भी खुले आसमान के नीचे पड़ी है। मंडियों में पहुंचे 7.70 लाख किसानों में से केवल 4.62 लाख किसानों की ही फसल खरीदी गई है। जबकि तीन लाख से ज्यादा किसान अब भी अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। सुरजेवाला ने कहा कि जींद जिले की स्थिति और चिंताजनक है। यहां 8.51 लाख मीट्रिक टन गेहूं की आवक हुई है लेकिन केवल 6.6 लाख मीट्रिक टन की खरीद हुई। करीब 2.45 लाख मीट्रिक टन गेहूं अभी भी नहीं खरीदा गया है। वहीं उठान भी बेहद धीमा है और करीब 6.9 लाख मीट्रिक टन गेहूं खुले में पड़ा है।

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा