फरीदाबाद नगर निगम ने पास किया 2,236 करोड़ का बजट
-बिना फाइनेंस कमेटी के पहली बार बजट काे दी गयी मंजूरी
फरीदाबाद, 28 मार्च (हि.स.)। फरीदाबाद जिला नगर निगम सदन की बैठक में शनिवार को वर्ष 2026-27 के लिए 2,236 करोड़ रुपये का बजट सर्वसम्मति से पास कर दिया गया है। पिछले साल यह बजट 1,900 करोड़ रुपये का था। निगम की फाइनेंस कमेटी के गठन के बगैर पहली बार बजट को मंजूरी दी गई है।निगम मेयर प्रवीण बत्रा ने कहा कि सभी पार्षदों की आपसी सहमति से 2026-27 के लिए 2236 करोड़ रूपए का बजट पास किया गया है। शहर के विकास को ध्यान में रखते हुए बजट तैयार किया गया है। पिछले साल 1900 करोड़ रूपए का बजट रहा था। जिसमें 336 करोड़ रूपए की राशि को बढ़ाया गया है। 2,236 करोड़ रूपए में से 2,186 करोड़ रूपए नगर निगम द्वारा निगम के कार्यों पर खर्च किए जाएंगे।निगम मेयर ने कहा कि निगम सदन में पहली बार बिना फाइनेंस कमेटी का गठन के बजट को पास किया गया है। जून 2025 में बीजेपी की तरफ से मेयर बनी प्रवीण बत्रा का ये पहला बजट था। बिना फाइनेंस कमेटी के बजट का पास होना शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है। निगम के चुनाव को करीब 10 महीने का समय बीत चुका है, लेकिन अभी तक भी डिप्टी मेयर और सीनियर डिप्टी मेयर का चुनाव नही हो पाया है। दोनों ही फाइनेंस कमेटी में महत्वपूर्ण जगह रखते है। डिप्टी मेयर और सीनियर डिप्टी मेयर को लेकर लेकर करीब 8 महीने पहले चुनाव कराने की कोशिश की गई थी, लेकिन मंत्रियों की आपसी खींचतान के चलते नामों पर कोई सहमति नही बन पाई।बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, बल्लभगढ़ से भाजपा विधायक मूलचंद शर्मा, बडखल से धनेश अद्लखा और एनआईटी से विधायक सतीश फागना मौजूद रहे। निगम मेयर प्रवीण बत्रा और कमीश्नर धीरेंद्र खडग़टा सहित सभी विभागों के अधिकारी और 46 पार्षद भी बैठक में उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर