पानीपत:पत्नी से अवैध संबंधों के संदेह में मजदूर की हत्या,आरोपी गिरफ्तार

 


पानीपत, 04 मई (हि.स.)। पानीपत के गांव बिहौली के खेतों में हुई मजदूर रणजीत की हत्या के मामले को सुलझाते हुए पुलिस ने आरोपी को समालखा में फ्लाई ओवर पुल के पास से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान बिहार निवासी विनोद ऋषि के रूप में हुई है। उप पुलिस अधीक्षक सतीश वत्स ने सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में बताया कि थाना बापौली के जिले सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह खेती बाड़ी करता है। उसके पास बिहार निवासी रणजीत खेत में करीब 10 साल से काम कर रहा था। खेत में बने टयूबेल के कोठड़े में ही रहता था। भतीजे अमित को खेत में काम करने के लिए एक मजदूर की जरूरत थी।

उसने रणजीत को मजदूर लाने के लिए कहा था। रणजीत ने 18 अप्रैल को अपने जानकार विनोद को काम पर बुलाया था। जो परिवार के साथ खेत में कोठड़े के उपर बने कमरे में रहने लगा। 27 अप्रैल को सुबह करीब वह खेत में गया तो कोठड़े के आगे बने बरामदे में काफी खून बिखरा मिला। उसने रणजीत और विनोद को आवाज लगाई, लेकिन जवाब नहीं मिला। इसके बाद उसने आस पास देखा तो करीब 50 मीटर दूर रतन के खेत में एक व्यक्ति पड़ा दिखाई दिया। पास जाकर देखा तो रणजीत का शव था। उसके चेहरे, हाथ, छाती व गर्दन पर धारदार हथियार से काटने के निशान थे। शरीर से खून निकला हुआ था। उसने विनोद व उसके परिवार की तलाश की वह नहीं मिला। उसे शक है रणजीत की हत्या विनोद व उसकी पत्नी ने मिलकर की हैै। थाना बापौली में जिले सिंह की शिकायत पर अभियोग दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच व आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी थी। रविवार देर शाम मिली सूचना पर दबिश देकर आरोपी विनोद को समालखा में फ्लाई ओवर के पास से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने रणजीत की धारदार हथियार से हत्या करना स्वीकार किया।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया रणजीत ने ही उसको खेत में काम दिलाने की बात कहकर बिहौली बुलाया था। वह 18 अप्रैल को पत्नी व बच्चों को लेकर बिहौली गांव में आ गया था। यहां रणजीत ने उसको अपने मालिक के भतीजे अमित के खेत में काम दिलवा दिया था। वे खेत में बने कोठड़े में ही रहते थे। 26 अप्रैल की रात उसने और रणजीत ने कोठड़े पर एक साथ बैठकर शराब पार्टी की। उसे शक था कि रणजीत उसकी पत्नी के साथ गलत है। इसी शक के चलते उसने देर रात कोठड़े से धारदार हथियार उठाकर रणजीत पर हमला कर गर्दन, चेहरा व छाती पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। रणजीत बचने के लिए भाग तो उसने पीछा कर करीब 50 मीटर दूर उसे पकड़ लिया और दोबारा से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर धारदार हथियार को मौके पर छोड़कर पत्नी व बच्चों को लेकर रात को ही खेत से फरार हो गया था। पुलिस ने सोमवार को आरोपी विनोद ऋषि को न्यायालय में पेश किया जहां से उसे 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा