पानीपत: हर्षोल्लास के साथ मनाया गया डॉ. भीमराव अंबेडकर जन्मोत्सव
पानीपत, 14 अप्रैल (हि.स.)। जिले में डॉ भीमराव अंबेडकर जन्मोत्सव बड़ी धूमधाम से मनाया गया शहर की कई संस्थाओं द्वारा विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए, ओर डॉ. भीमराव अंबेडकर की तस्वीर पर पुष्प चढ़ाकर जन्मदिन की बधाई दी। डॉ.भीमराव अंबेडकर एजुकेशन वैल्फेयर सोसाइटी व डॉ. बीआर अंबेडकर एकता मंच द्वारा सेक्टर छह स्थित कबीर भवन में मनाया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आबकारी एवं कराधान उपायुक्त आर के पौरिया व विशिष्ठ अतिथि सिविल अस्पताल के डिप्टी एम.एस डॉ. अमित पौरिया रहे। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि आर के पौरिया ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर ने किसी एक समाज के नहीं अपितु देश के सभी समाजों के लिए समान रूप से कार्य किया तथा देश में फैल रही बाल विवाह, सती प्रथा, देवदासी प्रथा, बाल श्रम, जैसी कुरीतियों से छुटकारा दिलाने का काम किया, साथ ही महिलाओं को बराबरी का दर्जा दिलाने उनको आत्म सम्मान दिलाने के लिए वोट का अधिकार , हर क्षेत्र में महिलाओं को आरक्षण , शिक्षा का अधिकार दिलाने का काम किया। डिप्टी एम एम डॉ. अमित पौरिया ने अपने संबोधन में कहा कि अनुसूचित जाति को आरक्षण मिलने के बावजूद इस समाज की हालत आज भी दयनीय है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचल में आज भी यह समाज काफी पिछड़ा हुआ है। और आज भी अन्य समाज के लोग इन लोगों से घृणा करते है। आज भी कई गांवों में दलित समाज के दूल्हे को घोड़ी पर बैठना वर्जित है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा