पानीपत में नशा तस्कर गिरफ्तार, चार किलो गांजा बरामद

 


पानीपत, 14 अप्रैल (हि.स.)। पानीपत पुलिस ने एक युवक को चार किलो गांजा सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान किशनपुरा निवासी जुगनू के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि आज उनकी टीम गश्त व जांच पड़ताल के दौरान गोहाना मोड़ पर थी। टीम को तभी सूचना मिली कि किशनपुरा निवासी जुगनू मादक पदार्थ बेचने का अवैध काम करता है। जुगनू मादक पदार्थ लेकर बेचने के लिए जाटल रोड फ्लाई ओवर पूल के नजदीक अटल पार्क के सामने खड़ा है। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश देकर पार्क के पास खड़े युवक को काबू किया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान किशनपुरा निवासी जुगनू के रूप में बताई।

पुलिस टीम ने तलाशी ली तो युवक के पास प्लास्टिक पोलिथीन से गाजा (नशीला पदार्थ) बरामद हुआ। बरामद गांजा का वजन करने पर चार किलो पाया गया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह शार्टकट तरिके से मौटे पैसे कमाने के लिए उक्त गांजा उत्तराखंड के ऋषिकेश में एक युवक से कम कीमत पर खरीद कर लाया था। आज वह गांजा लेकर बेचने के लिए जाटल रोड पर पार्क के पास ग्राहक की फिराक में आया था। आरोपी के खिलाफ थाना माडल टाउन में एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर पुलिस ने आज मंगलवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा