पानीपत में झपटमारी गिरोह के दो सदस्य काबू, छीने गए मोबाइल बरामद
पानीपत, 2 दिसंबर (हि.स.)। पानीपत सीआईए वन पुलिस टीम ने स्नेचिंग करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से स्नेचिंग की दो वारदातों का खुलासा हुआ है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छीने गए दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। आरोपियों की पहचान मिर्जापुर गांव निवासी अंकुश व यूपी के शामली के गांव टिडू खेड़ा निवासी जगत सिंह के रूप में हुई है।
सीआईए वन प्रभारी इंस्पेक्टर फूल कुमार ने बताया कि उनकी टीम को सोमवार शाम को गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि संदिग्ध किस्म के दो युवक देवीलाल पार्क के पास किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे है। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश देकर दोनों युवकों को काबू किया। पूछताछ में युवकों ने अपनी पहचान अंकुश पुत्र सुंदर लाल निवासी मिर्जापुर व जगत सिंह पुत्र जयपाल निवासी टिडू खेड़ा शामली यूपी के रूप में बताई।
गहनता से पूछताछ करने पर दोनों आरोपियों ने अपने दो अन्य साथी आरोपियों के साथ मिलकर एक नवंबर की शाम सेक्टर 25 में एक युवक से मोबाइल फोन छीनने की वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा। स्नेचिंग की उक्त वारदात बारे थाना चांदनी बाग में विकास नगर निवासी जितेंद्र पुत्र जसवंत की शिकायत पर अभियोग दर्ज है। सघंन पूछताछ में आरोपियों ने उक्त वारदात के अतिरिक्त करीब 2 माह पहले थाना औद्योगिक सेक्टर 29 क्षेत्र में एक अन्य मोबाइल स्नेचिंग की वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकार किय।
प्रभारी इंस्पेक्टर फूल कुमार ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया वह और उनके फरार दोनों साथी आरोपी नशा करने के आदी है। उन सभी को मंहगे मोबाइल रखने का शौक है। महंगे मोबाइल का शौक पूरा करने के लिए चारों ने मिलकर बाइक पर सवार होकर राह चलते लोगों से मोबाइल स्नेचिंग करने की उक्त वारदातों अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से स्नेंच किए दो मोबाइल फोन बरामद कर मंगलवार को पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा