पानीपत में जीआरपी कांस्टेबल ने चलती ट्रेन में फंसी महिला की जान बचाई

 


एसपी ने दिया पांच हजार रुपए का ईनाम

पानीपत, 30 नवंबर (हि.स.)। पानीपत रेलवे स्टेशन पर जीआरपी के कांस्टेबल ने बहादुरी दिखाते हुए ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच में फंसी महिला को सकुशल बचा लिया। पूरी घटना स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, घटना शनिवार शाम की है। जीआरपी थाना प्रभारी चंदन सिंह ने बताया कि महिला गौरी दिल्ली की रहने वाली है। वह पानीपत घूमने आई थी। पानीपत से दिल्ली जाने के लिए पैसेंजर ट्रेन में सवार हो रही थी। ट्रेन प्लेटफॉर्म पर खड़ी थी और जैसे ही रवाना होने का संकेत मिला, गौरी ने अपना बैग ट्रेन के अंदर रख दिया। उसी दौरान ट्रेन चल पड़ी। जल्दबाजी में चढते समय उसका पैर फिसल गया और ट्रेन व प्लेटफॉर्म के बीच फंस गया।

स्टेशन पर तैनात कांस्टेबल जगरूप सिंह ने बिना देर किए महिला को बचाने के लिए दौड़ लगाई। एक जवान ने तुरंत खतरा भांपते हुए महिला का हाथ थाम लिया, जबकि दूसरे जवानों ने ट्रेन को रोकने के लिए ड्राइवर की ओर इशारा किया। कुछ ही क्षणों में ट्रेन को रोक लिया गया और मिलकर महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। प्राथमिक उपचार के बाद महिला को पुनः उसी रेलगाड़ी में बैठाकर दिल्ली के लिए रवाना कर दिया गया।

डीएसपी ( जीआरपी ) राजेश चैंची ने बताया कि कॉन्स्टेबल की तत्परता को देखने हुए रेलवे एसपी नितिका गहलोत ने पांच हजार रुपए इनाम देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि कॉन्स्टेबल जगरूप सिंह ने बहादुरी का काम किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा