पंचकूला के विकास पर खर्च होंगे 829 करोड़: नायब सैनी
चंडीगढ़, 18 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पंचकूला महानगरीय क्षेत्र के संतुलित और समग्र विकास के लिए पंचकूला महानगरीय विकास प्राधिकरण लगातार कार्य कर रहा है। वित्त वर्ष 2026-27 में प्राधिकरण के माध्यम से पंचकूला के विकास कार्यों हेतु 829.23 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। इसमें लगभग 812.60 करोड़ रुपये पूंजीगत कार्यों पर खर्च किए जाएंगे। इस बजट में लगभग 449.23 करोड़ रुपये बुनियादी ढांचा विकास, 270.59 करोड़ रुपये संचालन एवं रखरखाव, तथा 41.83 करोड़ रुपये शहरी पर्यावरण से संबंधित कार्यों के लिए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘विकसित हरियाणा’ के संकल्प को साकार करने में सुनियोजित शहरी विकास की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रदेश के तेजी से बढ़ते शहरी क्षेत्रों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए दीर्घकालिक योजनाओं के साथ-साथ पहले से घोषित विकास कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा किया जा रहा है। सरकार शहरों में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ जल निकासी, सीवरेज, सडक़ों, हरित क्षेत्रों, स्वच्छता और आधुनिक शहरी प्रबंधन पर विशेष ध्यान दे रही है।
नायब सिंह सैनी ने कहा कि शहरी क्षेत्रों में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए पंचकूला की लगभग 45 वर्ष पुरानी जल निकासी व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से मजबूत किया जा रहा है। पायलट परियोजना के तहत गीता चौक से टाउन पार्क तक लगभग 5.50 करोड़ रुपये की लागत से 900 मिलीमीटर व्यास वाले बरसाती नाले का पुनर्वास मशीन वाउंड स्पाइरल लाइनिंग तकनीक से सफलतापूर्वक किया जा चुका है। इसके बाद टाउन पार्क से सिंह नाला तक लगभग 38.87 करोड़ रुपये की लागत से जल निकासी तंत्र के सुदृढ़ीकरण का कार्य शुरू किया गया है।
पंचकूला में शहरी हरित क्षेत्र और पर्यावरण से संबंधित कार्यों के लिए 41.83 करोड़ रुपये के बजट का प्रावधान किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक शहरों में खेल सुविधाएं भी बुनियादी शहरी ढांचे का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। पंचकूला के सेक्टर-32 में विश्वस्तरीय निशानेबाजी खेल परिसर विकसित किया जा रहा है। परियोजना के लिए 173.48 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति जारी की गई थी और बातचीत के बाद लगभग 109.80 करोड़ रुपये की निविदा राशि स्वीकृत हुई है। इसका कार्य 16 जून 2026 से शुरू हो चुका है और इसे 24 माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा