नूंह व इंडरी में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत कांग्रेस ने निकाला विरोध मार्च

 


नूंह, 24 अक्टूबर (हि.स.)। जिला कांग्रेस कमेटी नूंह के तत्वावधान में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत नूंह और इंडरी ब्लॉक में विरोध मार्च निकाला गया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंककर उनके इस्तीफे की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने लोकतंत्र की रक्षा, मताधिकार की सुरक्षा और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की।

इंडरी ब्लॉक में आयोजित विरोध मार्च का नेतृत्व ब्लॉक अध्यक्ष रामकरण ने किया, जबकि नूंह ब्लॉक में कार्यक्रम की जिम्मेदारी ब्लॉक अध्यक्ष जमशेद खान ने संभाली। दोनों कार्यक्रमों में यूथ कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सचिन कुंडू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। जिला कांग्रेस कमेटी नूंह की अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक शहीदा खान ने कार्यक्रमों की अध्यक्षता की। नूंह से कांग्रेस विधायक आफताब अहमद भी विशेष रूप से मौजूद रहे।

विरोध मार्च के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का वोट सबसे बड़ी ताकत है। मताधिकार की निष्पक्षता और विश्वसनीयता बनाए रखना लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और लोगों के मतदान के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी। ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के माध्यम से लोगों को जागरूक करने और लोकतंत्र की मजबूती के लिए संघर्ष जारी रखा जाएगा। दोनों कार्यक्रमों में महताब अहमद, हाजी इब्राहिम इंजीनियर बिसरू, जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष हाजी सुबराती खान और सोहराब खान, कोषाध्यक्ष खुर्शीद अहमद, महासचिव अंजुम हुसैन (पार्षद), वहीद सालंबा, मोहम्मद हाशिम, प्रवक्ता आसिफ अली, एससी विभाग से महेंद्र सिंह, सेवादल अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह, सचिव दयाराम, इकरून अली, अरशद खान, प्रदीप कुमार, असगर टाई, अख्तर हुसैन (सुपरिटेंडेंट), हाजी अब्बास जयसिंहपुर, नफीस छापड़ा, जीत सिंह सरपंच और सुरेंद्र सिंह सहित अनेक कांग्रेस नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया