नूंह पुलिस ने कैंटर से पकड़ी अवैध अंग्रेजी शराब की 441 पेटियां, 5,292 बोतल बरामद

 


नूंह, 14 नवंबर (हि.स.)। जिला नूंह की अपराध शाखा (सीआईए) पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक कैंटर से अंग्रेजी शराब की 441 पेटियां बरामद की हैं। इन पेटियों में कुल 5,292 बोतल शराब मिली है। पुलिस ने कैंटर चालक को मौके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी गत्ते की पेटियों और फर्जी बिल-बिल्टी की आड़ में शराब को दूसरे राज्य में ले जाने की फिराक में था। पुलिस अब इस तस्करी के पीछे जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

पुलिस प्रवक्ता से मिली जानकारी के अनुसार, 13 नवंबर को निरीक्षक विनोद कुमार के नेतृत्व में सीआईए नूंह की टीम नूंह-सोहना रोड पर रेवासन स्थित केएमपी पुल के नीचे गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि केएमपी एक्सप्रेसवे पर उतरने वाले कट के पास एक कैंटर खड़ा है, जिसमें खाली गत्ते की पेटियों के नीचे अवैध अंग्रेजी शराब छिपाकर ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कैंटर को अपने कब्जे में लिया। कैंटर चालक केबिन में लेटा हुआ मिला, जिसे पुलिस ने काबू कर पूछताछ की।

चालक की पहचान रंजन कुमार झा निवासी जिला मधुबनी, बिहार के रूप में हुई। पूछताछ के दौरान चालक ने शुरुआत में कैंटर में फैन, फ्लेक्सी पाइप और गिफ्ट पैकिंग बॉक्स होने की बात कही। उसने इसके समर्थन में बिल और ई-वे बिल भी दिखाए, लेकिन गहन पूछताछ में कैंटर में अवैध शराब होने की बात स्वीकार कर ली। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसे यह कैंटर दिल्ली-कटरा हाईवे से मिला था। अरविंद नामक व्यक्ति के निर्देश पर उसे कैंटर लखनऊ तक लेकर जाना था। आगे वाहन कहां छोड़ना है, इसकी जानकारी बाद में देने की बात कही गई थी। आरोपी को केवल व्हाट्सऐप के माध्यम से संपर्क में रहने के निर्देश दिए गए थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आबकारी विभाग के निरीक्षक को मौके पर बुलाया। सुरक्षा की दृष्टि से कैंटर को पुलिस लाइन नूंह लाकर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कैंटर के अगले हिस्से में फैन, फ्लेक्सी पाइप और गिफ्ट पैकिंग बॉक्स की पेटियां रखी मिलीं, जबकि पीछे की तरफ बड़ी संख्या में अंग्रेजी शराब की पेटियां छिपाई गई थीं।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया