नूंह जिले की मंडियों में बाजरे की आवक 46,477 मीट्रिक टन के पार

 


नूंह, 02 नवंबर (हि.स.)। खरीफ खरीद सीजन 2026-27 के तहत नूंह जिले की मंडियों में बाजरे की आवक लगातार जारी है। जिले की पांचों मंडियों में अब तक कुल 46,477.60 मीट्रिक टन बाजरे की आवक दर्ज की जा चुकी है। वहीं, एक नवंबर को जिले में कुल 7.20 मीट्रिक टन बाजरे की खरीद हुई। इसमें नूंह मंडी में 3.30 मीट्रिक टन और तावड़ू मंडी में 3.90 मीट्रिक टन बाजरे की खरीद शामिल है।

उपायुक्त अखिल पिलानी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मंडियों में बाजरे की खरीद प्रक्रिया को सुचारू, पारदर्शी और व्यवस्थित बनाए रखा जाए। उन्होंने कहा कि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए मंडियों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं और खरीद प्रक्रिया की नियमित निगरानी की जाए। जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक की एक नवंबर 2026 तक की रिपोर्ट के अनुसार, नूंह मंडी में अब तक 2,061.70 मीट्रिक टन बाजरे की आवक हुई है। तावड़ू मंडी में सबसे अधिक 16,495.10 मीट्रिक टन बाजरे की आवक दर्ज की गई है। इसके अलावा फिरोजपुर झिरका मंडी में 12,952.10 मीट्रिक टन, पुन्हाना मंडी में 14,432.50 मीट्रिक टन और पिनगवां मंडी में 536.20 मीट्रिक टन बाजरा पहुंचा है। उपायुक्त अखिल पिलानी ने कहा कि किसानों की उपज की सुचारू खरीद जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि मंडियों में खरीद से संबंधित व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखें और किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न होने दें। उन्होंने खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के साथ-साथ किसानों की सुविधाओं को प्राथमिकता देने पर भी जोर दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया