नूंह: खेल विभाग का उप अधीक्षक 50 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

 


चंडीगढ़, 21 जून (हि.स.)। हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने जिला खेल विभाग, नूंह में तैनात उप अधीक्षक रामेहर को 50,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एसीबी थाना गुरुग्राम में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम एवं भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

ब्यूरो के प्रवक्ता ने रविवार को जारी जानकारी में बताया कि शिकायतकर्ता ने ब्यूरो को दी शिकायत में बताया कि उसकी एक कार जिला खेल विभाग, नूंह में एक ठेकेदार के माध्यम से मासिक 31,600 रुपये के किराये पर लगी हुई थी। उसे फरवरी 2026 से वाहन का भुगतान प्राप्त नहीं हुआ। जब उसने इस संबंध में जानकारी ली तो पता चला कि खेल अधिकारी, नूंह द्वारा की गई शिकायत के आधार पर उसके वाहन को 1 जून 2026 से विभागीय सेवा से हटा दिया गया है।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि जिला खेल विभाग के कुछ कर्मचारियों द्वारा उसकी गाड़ी को पुनः विभाग में लगाने तथा खेल नर्सरी को सुचारू रूप से चलने देने के बदले 1.50 लाख रुपये रिश्वत की मांग की जा रही थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह केवल 50 हजार रुपये की व्यवस्था कर पाया।

राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, गुरुग्राम की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान आरोपी उप अधीक्षक रामेहर को शिकायतकर्ता से 50,000 रुपये की रिश्वत स्वीकार करते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा