नारनाैल: कनीना सिविल अस्पताल में अब दूरबीन से होंगे ऑपरेशन
आधुनिक एनेस्थीसिया वर्कस्टेशन स्थापित, गॉलब्लैडर, हर्निया, अपेंडिक्स सहित कई ऑपरेशन स्थानीय स्तर पर होंगे
नारनाैल, 23 जुलाई (हि.स.)। जिले के कनीना स्थित उप नागरिक अस्पताल में अब दूरबीन (लैप्रोस्कोपिक) तकनीक से ऑपरेशन किए जाएंगे। इस सुविधा के शुरू होने से क्षेत्र के हजारों मरीजों को जटिल सर्जरी के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने गुरुवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि अस्पताल में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि कनीना उप नागरिक अस्पताल में प्रतिदिन करीब एक हजार मरीज ओपीडी में उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति, अत्याधुनिक उपकरणों की उपलब्धता और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत किया गया है।
अस्पताल में अत्याधुनिक ड्रेगर एटलान ए-100 एनेस्थीसिया वर्कस्टेशन स्थापित किया गया है, जो ऑपरेशन के दौरान सुरक्षित एनेस्थीसिया, श्वसन प्रणाली की निगरानी और सर्जरी को अधिक सुरक्षित बनाने में मदद करेगा। लैप्रोस्कोपिक तकनीक से छोटे चीरे के माध्यम से ऑपरेशन किए जाएंगे, जिससे मरीजों को कम दर्द होगा, संक्रमण का खतरा घटेगा और वे कम समय में स्वस्थ होकर घर लौट सकेंगे। नई सुविधा के तहत अब गॉलब्लैडर (पित्त की थैली), अपेंडिक्स, हर्निया, सामान्य सर्जरी, स्त्री एवं प्रसूति रोगों से संबंधित ऑपरेशन तथा जनरल एनेस्थीसिया की आवश्यकता वाले हड्डी रोगों के ऑपरेशन भी कनीना अस्पताल में ही किए जा सकेंगे। इससे मरीजों का समय और आर्थिक खर्च दोनों बचेंगे।
अस्पताल में एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. चंद्रशेखर, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. धर्मेंद्र, सर्जन डॉ. हेमंत नागर, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सुधीर, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. कोमल गहलोत तथा फैमिली मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. साक्षी मलिक सहित विशेषज्ञों की टीम सेवाएं दे रही है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में भी गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला