डंकी रूट से अमेरिका गए कैथल के युवक की मौत, परिजनों ने शव भारत लाने की लगाई गुहार

 


कैथल, 25 मार्च (हि.स.)। जिले के गांव करोड़ा निवासी 27 वर्षीय युवक सुनील की अमेरिका में हार्ट अटैक से मौत हो गई। इस घटना से गांव में शोक की लहर है। परिजनों ने सरकार से सुनील का शव भारत लाने के लिए मदद की अपील की है। परिजनाें के अनुसार गत दिवस सुनील रात को अपनी मां से फोन पर बातचीत करने के बाद सो गया था। उसी दौरान उसके साथ रहने वाले अन्य युवक किसी काम से बाहर गए हुए थे। जब वे वापस कमरे पर लौटे तो सुनील बेड से नीचे गिरा हुआ मिला। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

रिश्ते में चाचा लगने वाले विजेंद्र ने बताया कि सुनील मई 2023 में डंकी रूट के जरिए अमेरिका गया था और कैलिफोर्निया में रहकर गाड़ी चलाने का काम करता था। परिवार ने करीब 40 लाख रुपये खर्च कर उसे विदेश भेजा था, ताकि वह कमाकर घर की आर्थिक स्थिति सुधार सके, लेकिन उसकी अचानक मौत से परिवार की उम्मीदें टूट गईं।

सुनील अविवाहित था। परिवार में उसकी मां और बड़ा भाई हैं, जबकि पिता का पहले ही निधन हो चुका है। मां से हुई आखिरी बातचीत में उसने हाल-चाल पूछने के बाद कहा था कि रात काफी हो गई है और अब वह सोने जा रहा है। इसके बाद उसने कॉल काट दी थी। परिजनों ने बताया कि सुनील को विदेश भेजने के लिए उन्होंने अपनी बचत के साथ-साथ जानकारों से कर्ज भी लिया था। अब उसकी मौत के बाद परिवार गहरे सदमे में है और सरकार से मदद की मांग कर रहा है, ताकि सुनील का शव भारत लाकर अंतिम संस्कार किया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे