झज्जर : ग्रामीण रोजगार योजना का नाम बदलने के खिलाफ किया प्रदर्शन
झज्जर, 05 फ़रवरी (हि.स.)। केंद्र सरकार की ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) का नाम बदलकर 'वीबी जी राम जी' करने के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को झज्जर में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन करने वालों का नेतृत्व पार्टी के जिला प्रधान संजय यादव ने किया। अनाज मंडी से प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ता एसडीएम कार्यालय पहुंचे और यहां राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन देकर योजना का नाम दोबारा मनरेगा करने की मांग की।
प्रदर्शन करने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर झज्जर के एसडीएम अंकित चौकसे के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम मांग पत्र सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि केंद्र सरकार ने मनरेगा का नाम बदलकर ग्रामीण विकास को अपना जीवन देने वाले महात्मा गांधी के विचारों का अपमान किया है, बल्कि भाजपा सरकार ने नाम के साथ इस योजना का उद्देश्य ही बदल डाला है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष संजय यादव ने कहा कि पहले मनरेगा में केंद्र सरकार की तरफ से ग्रामीणों को साल में काफी दिन के लिए रोजगार की गारंटी मिलती थी। लेकिन अब भाजपा ने इसे एक औपचारिक योजना बनाकर छोड़ दिया है। नई योजना रोजगार की गारंटी नहीं देती। उन्होंने कहा कि जहां पहले सारा बजट केंद्र सरकार देती थी, अब भाजपा ने इस प्रावधान को भी बदल दिया है और 60 प्रतिशत केंद्र, तो 40 प्रतिशत खर्च का बोझ राज्य सरकार के सिर डाल दिया है। प्रदर्शन में काफी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शील भारद्वाज