जींद : शिक्षा केवल नौकरी प्राप्त करने का साधन नही : सतीश शाहपुर
जींद, 26 दिसंबर (हि.स.)। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के उपाध्यक्ष सतीश शाहपुर ने कहा कि शिक्षा केवल नौकरी प्राप्त करने का साधन नही है बल्कि यह व्यक्ति के सर्वांगीण विकास की नींव है। विद्यार्थी ज्ञान के साथ-साथ नैतिक मूल्यों को भी आत्मसात करें। क्योंकि एक मजबूत चरित्र ही उन्हें जीवन में सफलता और सम्मान दिलाएगा।
उपाध्यक्ष सतीश शाहपुर शुक्रवार को गतौली गांव के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयोजित सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक कार्यक्रम को बतौर मुख्यअतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि समाज में आपसी समरसता और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता है। हमें छुआछूत जैसी सामाजिक बुराई को जड़ से नष्ट करना होगा। उन्होंने अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने और एकल उपयोग प्लास्टिक के उपयोग न करने के लिए जन जागरण अभियान चलाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि भावी पीढिंयों के लिए एक स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान गांव के सरपंच प्रतिनिधि हरिओम शर्मा और स्कूल के प्राचार्य संदीप जैन ने बोर्ड उपाध्यक्ष से विद्यालय को आगामी बोर्ड परीक्षाओं के लिए परीक्षा केंद्र बनाने की मांग की। उपाध्यक्ष ने कहा कि आगामी बोर्ड परीक्षाओं में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गतौली को परीक्षा केंद्र बनाने पर अवश्य विचार किया जाएगा। क्योंकि इससे छात्रों को परीक्षा देने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। जिससे उनका समय और ऊर्जा बचेगी। यह निर्णय निश्चित रूप से छात्रों की पढ़ाई और परीक्षा के प्रदर्शन पर सकारात्मक प्रभाव डालेगा। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य संदीप जैन, सरपंच प्रतिनिधि हरिओम शर्मा, कमल रेढू सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा