जींद : माइनर की टेल से बोरी में बंद युवक का शव मिला

 


जींद, 22 जुलाई (हि.स.)। सिंघाना माइनर की टेल से बंद बोरी से युवक का शव बरामद हुआ है। शव की सूचना मिलते ही अलेवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को माइनर से बाहर निकाला। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में ले नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया है। मृतक के पास से ऐसा कुछ नहीं मिला है, जिससे उसकी शिनाख्त हो सके। युवक की हत्या करने के बाद शव को बोरी में बंद कर खुर्द बुर्द करने की नियत से नहर में डाला गया है। अलेवा थाना पुलिस ने गांव के चौकीदार की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या तथा शव को खुर्द बुर्द करने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गांव खांडा के निकट सिंघाना माइनर की टेल में ग्रामीणों ने एक बोरी फंसी देखी। बोरी के अंदर से हाथ निकला हुआ था। शव मिलने की सूचना पाकर अलेवा थाना पुलिस फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंच गई और स्थिति का जायजा लिया। जब बोरी को खोला गया तो उसमें युवक का शव मिला। जिससे साफ था कि युवक की हत्या कर शव को बोरी में बंद कर नहर या माइनर में फैंका गया है। जो बहता हुआ गांव खांडा टेल तक जा पहुंचा। मृतक के पास से ऐसा कुछ नहीं मिला है जिस से उसकी शिनाख्त हो सके।

बुधवार को जानकारी देते हुए अलेवा थाना के जांच अधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि मृतक की उम्र लगभग 35 साल है और उसने चैकदार कमीज, काले रंग का लोवर, दाहिने हाथ में कड़ा पहना हुआ है। शव लगभग चार से पांच दिन पुराना है। शव के पानी में ज्यादा दिन तक रहने के कारण दशा भी खराब हो गई है। शव पीछे से बह कर टेल पर आया है। फिलहाल अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या तथा शव को खुर्द बुर्द करने का मामला दर्ज किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा