जींद : ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र एवं संतुलित विकास के लिए किए निरंतर प्रयास कर रही सरकार : डा. कृष्ण मिड्ढा
जींद, 25 मार्च (हि.स.)। हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा ने कहा है कि वर्तमान प्रदेश सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र एवं संतुलित विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
डिप्टी स्पीकर बुधवार को विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों के दौरे के दौरान ग्रामीणों को पांच अप्रैल को जींद में आयोजित होने वाली मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की प्रस्तावित विकास एवं धन्यवाद रैली में शामिल होने का निमंत्रण दे रहे थे। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित रैली के अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा क्षेत्र के लिए करोड़ों रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात दी जाएगी। इससे पूर्व डा. मिड्ढा ने जींद रेलवे स्टेशन पर वातानुकूलित प्रतीक्षा कक्ष का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि इस सुविधा के आरंभ होने से यात्रियों को विशेष राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जनता के विश्वास और समर्थन से भारतीय जनता पार्टी की सरकार तीसरी बार बनी है तथा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है।
गांव हैबतपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान डा. मिड्ढा ने कहा कि राज्य सरकार ने ग्रामीण विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी है। विभिन्न योजनाओं के तहत सड़कों, आधारभूत संरचना एवं अन्य जनसुविधाओं से जुड़े कार्य शीघ्र ही धरातल पर दिखाई देंगे। साथ ही व्यवहारिक एवं जनहितकारी मांगों पर भी गंभीरता से विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनके लिए क्षेत्र के सभी गांवों का विकास सर्वोच्च प्राथमिकता और प्रत्येक गांव के साथ उनका आत्मीय संबंध है। सभी विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराया जाएगा। डा. मिड्ढा ने कहा कि क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज के स्थापित होने से रोजगार के नए अवसर निकल कर सामने आएंगे ए जिससे युवाओं को लाभ मिलेगा। साथ ही भविष्य में गांवों में जिम, लाइब्रेरी जैसी सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए भी प्रयास किए जा रहें है और लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा किया जाएगा। डिप्टी स्पीकर ने आश्वस्त किया कि बिजली सहित अन्य आवश्यक सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहें है तथा गांवों में शहरी सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में कार्य निरंतर जारी रहेगा। इस अवसर पर डिप्टी स्पीकर ने गांव बोहतवाला में शिव मंदिर तालाब के सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण भी किया।
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा